महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 12 सितम्बर। शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय व शासकीय आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की एनसीसी इकाई में 27 सीजी बटालियन रायपुर के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल अश्वनी सिन्हा निरीक्षण करने पहुंचे। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अनुसुइया अग्रवाल ने उनका स्वागत किया। कैडेट्स से डा. अनुसुइया अग्रवाल ने कहा कि एनसीसी एकता का परिचायक है, जो राष्ट्र के निर्माण के लिए बहुत आवश्यक है। कर्नल अश्वनी सिन्हा ने महाविद्यालय के एसीसी यूनिट के निरीक्षण के बाद कहा कि महाविद्यालय में एनसीसी इकाई में बहुत ही प्रतिभाशाली कैडेट्स हैं। जो विभिन्न क्षेत्रों में प्रदर्शन कर यूनिट की एकता को हमेशा से साबित करते आए हैं।
इस अवसर पर कर्नल अश्वनी सिन्हा ने कहा कि एनसीसी हमें अनुशासन सिखाता है। संपूर्ण व्यक्तित्व के विकास में एनसीसी की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। साथ ही उन्होंने विभिन्न कैंप में होने वाली गतिविधियों की जानकारी दी व कैडेट्स को कैंप में भाग लेने से होने वाले लाभों से भी अवगत कराया। कर्नल अश्वनी सिन्हा ने कैडेट की समस्याओं को सुना व सुझाव भी दिए। उन्होंने कहा कि सभी कैडेट्स अपनी कमजोरियों को ही अपनी ताकत बनाएं। उन्होंने रजिस्टर व फाइल का अवलोकन किया व प्रसन्नता जाहिर की कि कैडेट्स अनुशासन से अपने कार्यों को भलीभांति कर रहे हैं।
इस दौरान सेकंड ऑफिसर चमन चंद्राकर व लेफ्टिनेंट प्रदीप कन्हेर,हवलदार गमना राम, पूर्व एनसीसी कैडेट निखिल नंदागौरी, वर्तमान एनसीसी कैडेट्स सुमन कुमार, अदिति पांडेय, पूजा साहू व हेमलता निषाद के साथ अन्य सभी कैडेट्स उपस्थित रहे।