महासमुन्द

लोक सेवा केन्द्रों में आवेदनों का निराकरण सुस्त
10-Sep-2022 4:17 PM
लोक सेवा केन्द्रों में आवेदनों का निराकरण सुस्त

महासमुंद जिले में जनवरी 2022 से अब तक 9 हजार 916 लंबित मामले

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 10 सितम्बर।
लोक सेवा केन्द्रों में समय पर आवेदनों का निराकरण नहीं हो रहा है। इस बात का सबूत सरकारी आंकड़े दे रहे हैं। पहले कोविड काल का हवाला और अब हड़ताल की दलील दी जा रही है।
जिसकी वजह से लंबित आवेदनों के आंकड़े कम होने के बजाए बढ़ते जा रहे हैं। शासन की ओर से जारी ई.डिस्ट्रिक्ट वेबसाइट में जनवरी 2022 से लेकर अब तक जिले में 9 हजार 916 सहित प्रदेशभर में 2 लाख 40 हजार 351 आवेदन पेंडिंग है। जिनमें समय.सीमा के बाद लंबित आवेदनों की संख्या 15 हजार 184 है।

महासमुंद जिले के लोक सेवा केन्दों्र में प्राप्त आवेदनों का समय पर निराकरण नहीं होने की वजह से अब यहां आवेदनों की रफ्तार भी धीमी पड़ रही है। जिले की 4 तहसीलों में से महासमुंद तहसील में 2684 आवेदन लंबित हैं, जिसमें समय सीमा के बाद लंबित आवेदनों की संख्या 287 है। इसी तरह पिथौरा तहसील में 1772 आवेदन लंबित हैं जिनमें समय सीमा के बाद 174 आवेदन लंबित हैं। इसी तरह बागबहरा तहसील में 1359 आवेदन, बसना में 1376 आवेदन व सरायपाली में 1269 आवेदन लंबित हैं।

विभागीय अफसरों व लोक सेवा केंद्रों के ऑपरेटरों के अनुसार लोक सेवा गारंटी के तहत जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र, गुमास्ता, लाइसेंस, कार्यक्रम की अनुमति लेने समेत अन्य प्रकार के आवेदन ज्यादा आते हैं। जिसके बाद दस्तावेजों की जांच कर इनका निराकरण किया जाता है। शासन ने सभी के लिए एक निश्चित समय सीमा तय की है। इन सेवाओं का लाभ लेने के लिए लोक सेवा केंद्रों के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।

इस तरह के आवेदन लोकसेवा केंद्र में लोक सेवा केन्द्रों में आमजन की सुविधा के लिहाज से आय, निवास प्रमाण पत्र, पेंशन योजना, ई.कोर्ट केस पंजीकरण, विवाह प्रमाण पत्र सुधार, जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, दुकान व स्थापना पंजीयन प्रमाण पत्र, भवन निर्माण अनुज्ञा, विधवा पेंशन योजना, ड्राइविंग लाइसेंस नवीनीकरण, बीज अनुज्ञप्ति, अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति व अन्य पिछड़ा वर्ग प्रमाण पत्र, सूचना का अधिकार, संपत्ति नामांतरण, नगर पालिका क्षेत्र विवाह पंजीकरण व प्रमाण पत्र, स्वसहायता समूहों व सहकारी समितियों का पंजीकरण, विभिन्न राजस्व सेवाएं सहित अन्य सेवाओं को लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत शामिल किया गया है।


अन्य पोस्ट