महासमुन्द

किसानों की शिकायत पर करणी कृपा के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चला
27-Aug-2022 2:08 PM
किसानों की शिकायत पर करणी कृपा के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चला

यह जीत छोटी जरूर है लेकिन ऐतिहासिक है-अनिल दुबे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 अगस्त।
किसानों के अखंड सत्याग्रह के 183 वें दिन आखिरकार नेशनल हाइवे ने करणी कृपा प्रायवेट लिमिटेड कंपनी खैरझिटी द्वारा बनाई गई सडक़ पर बुलडोजर चला दिया। किसान सत्याग्रही इसे अपनी जीत कह रहे हैं। करणी कृपा कंपनी ने आदिवासी भूमि, वन भूमि, शासकीय भूमि पर यह सडक़ निर्माण कराया था जिसका विरोध सत्याग्रही किसान कर रहे थे। उन्हीं की शिकायत पर कल नेशनल हाइवे ने बुलडोजर भेजा था। उक्त जमीन पर जब बुलडोजर चल रहा था तब आंदोलनकारी किसान नारे लगा रहे थे...तोडऩे का स्वागत है, स्वागत है।

गौरतलब है कि राज्य आंदोलनकारी किसान मोर्चा के अध्यक्ष अनिल दुबे के नेतृत्व में तुमगांव हाईवे स्थित ग्राम खैरझिटी, कौंवाझर, मालिडीह के किसान अपनी कृषि भूमि, काबिल कास्त भूमि, आदिवासी भूमि में करणी कृपा स्टील एवं पावर प्लांट लगाने का विरोध पिछले 183 दिनों से लगातार कर रहे हैं। विगत 25 फरवरी 2022 से किसानों द्वारा छत्तीसगढ़ संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले अखण्ड सत्याग्रह का आगाज हुआ था। कल अखण्ड सत्याग्रह के 183 वें दिन लगभग 105 किसान, जवान एवं महिलाओं की उपस्थिति में सडक़ को नष्ट किया गया। हालांकि आंदोलन के मुखिया इस वक्त घटनास्थल पर मौजूद नहीं थे लेकिन वे लगातार मोबाइल से घटना के हर पहलू पर नजर रखे हुए थे। मोबाइल पर छत्तीसगढ़ अखबार से अनिल दुबे ने कहा कि किसानों में बहुत धैर्य होता है। ऊपर से यहां आंदोलन कर रहे सार किसान आदिवासी हैं। ये 183 दिनों से तपती धूप, कडक़ड़ाती ठंड और बारिश में धरनास्थल पर डटे हुए हैं। इन्हें उम्मीद है कि उनकी लड़ाई गरीबी और अमीरी के बीच है। ये जरूरतमंद हैं, और अपने परिवार के भोजन-पानी में रुकावट पैदा करने वालों के खिलाफ लड़ रहे हैं। यह जीत छोटी जरूर है लेकिन ऐतिहासिक है।

इस अखण्ड सत्याग्रह का नेतृत्व करने वाले किसान नेता नंदकिशोर यादव, नंदलाल सिन्हा, चैनुराम साहू,तारेंद्र यादव,बिसरू सिन्हा, डेविड चंद्राकर, दशरथ सिन्हा, मोहन चंद्राकर, रामचरण पटेल, रमेश विश्वकर्मा, विवेक मानिकपुरी, नंदलाल नायक, रूपलाल पटेल, ललीता सिन्हा, राधबाई सिन्हा, डिगेश्वरी चंद्राकर, कांति साहू, पिलीबाई परमार, खेमिन साहू आदि ने छत्तीसगढ़ से कहा कि करणी कृपा स्टील एवं पावर प्लांट ने नेशनल हाईवे की जगह पर बिना अनुमति स्टील एवं पावर प्लांट में जाने के लिए अवैधानिक रूप से रोड बनाये थे। उसे आज नेशनल हाईवे विभाग द्वारा खोदकर बराबर दिया गया। इससे आंदोलनरत किसान एवं ग्रामवासियों में खुशी है।

चैनूराम साहू ने कहा कि लगातार किसान अनुशासित ढंग से लड़ाई लड़ रहे हैं। यही कारण है कि किसानों को सफलता मिली है।  ललीता सिन्हा ने कहा कि कानूनी लड़ाई में समय जरूर लगता है, लेकिन अंत में सत्य और कानून की ही जीत होती है। डिगेश्वरी चंद्राकर ने कहा कि आज की कार्यवाही हमारे सत्याग्रही किसान एवं महिला किसानों का धौर्य और अनुशासन की जीत है। आगे भी करणी कृपा स्टील एवं पावर प्लांट के गैर कानूनी निर्माण कार्यों का विरोध किया जाएगा।
 


अन्य पोस्ट