महासमुन्द

27 साल बाद महासमुंद पालिका में कांग्रेस की सत्ता
05-Aug-2022 8:14 PM
27 साल बाद महासमुंद पालिका में कांग्रेस की सत्ता

राशि महिलांग ने भाजपा के प्रकाश को हराया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,5 अगस्त।
महासमुंद नगर पालिका में कांग्रेस की राशि महिलांग ने बड़ा उलटफेर करते भाजपा के प्रकाश चंद्राकर को बड़े अंतर से हरा दिया है। अब राशि महिलांग यहां की अध्यक्ष होंगी। इस तरह पूरे 27 साल बाद महासमुंद नगर पालिका में फिर से कांग्रेस की वापिसी हुई है।

गुरूवार को महासमुंद नगर पालिका के अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुआ। मतदान की प्रक्रिया सुबह 11 बजे से शुरू हुई। कांग्रेस की ओर से राशि महिलांग ने पर्चा भरा। वहीं भाजपा की ओर से पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर ने भी नामांकन किया। पालिका के 30 पार्षदों ने इसमें वोट दिया। इसमें 19 वोट कांग्रेस प्रत्याशी राशि महिलांग के समर्थन में आए। भाजपा उम्मीदवार प्रकाश चंद्राकर को केवल 11 वोट हासिल हुए। निर्वाचन अधिकारी ने राशि महिलांग को जीत का प्रमाणपत्र दे दिया। भाजपा के लिहाज से बेहतर यह रहा कि अविश्वास प्रस्ताव में जितने वोट उनके खिलाफ  पड़े थे, उससे एक वोट कम करने में वे कामयाब रहे। अविश्वास प्रस्ताव के दौरान कांग्रेस को 20 वोट मिले थे।

जीत के बाद विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर की अगुवाई में नगरपालिका से कांग्रेस भवन तक विजयी जुलूस निकाली गई।  यहां संसदीय सचिव श्री चंद्राकर ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष राशि महिलांग का मुंह मीठा कर जीत की बधाई दी। कांग्रेस भवन में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री अमरजीत चावला, पर्यवेक्षक पीयूष कोसले, सुबोध हरितवाल, जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष डॉ रश्मि चंद्राकर, मंडी अध्यक्ष हीरा बंजारे, पूर्व नगरपालिका उपाध्यक्ष त्रिभुवन महिलांग, जिला पंचायत के उपाध्यक्ष लक्ष्मण पटेल, दिलीप चंद्राकर, पार्षद बबलू हरपाल, अमन चंद्राकर, गोलू मदनकार, ईश्वर सिन्हा, गिरधर आवड़े, प्रेम साहू, दीपक ठाकुर, सूरज नायक, आर्यन गिलहरे आदि मौजूद थे। 

नवनिर्वाचित अध्यक्ष राशि महिलांग ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की विकास की नीति की जीत हुई है। उनकी कुशल रणनीति के कारण आज 27 साल बाद कांग्रेस को एक बार फिर नगर सरकार की जिम्मेदारी मिली है। हमारी प्राथमिकता शहर के मूलभूत सुविधाओं और शहर को विकास की गति पर लेकर जाना है।

संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर की अगुवाई में नगरपालिका की नवनिर्वाचित अध्यक्ष राशि महिलांग सहित जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान कुशल रणनीति से मिली ऐतिहासिक जीत पर मुख्यमंत्री श्री बघेल ने संसदीय सचिव श्री चंद्राकर की पीठ थपथपाई।

कल ही नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष राशि महिलांग ने रायपुर जाकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम से भी मुलाकात की। जानकारी अनुसार महासमुंद में उलटफेर के लिए प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने भी मोर्चाबंदी की थी। उन्होंने प्रवास के लिए पार्षदों को तैयार किया था। 

अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान से पहले कल उन्होंने युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुबोध हरित ओसवाल और पीसीसी के सचिव पीयूष कोसरे को पर्यवेक्षक बनाकर भेजा था। कल सुबह मतदान से पहले अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार चयन की बारी आई तो भी हरित ओसवाल और कोसरे को जिम्मेदारी मिली। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक विनोद चंद्राकर ने स्थानीय स्तर पर बदलाव का रास्ता बनाया।

ज्ञात हो कि महासमुुंद नगर पालिका में 30 पार्षद हैं। वर्ष 2020 में नगर पालिका चुनाव के बाद भाजपा के पक्ष में 16 पार्षद थे। उनकी बदौलत भाजपा के प्रकाश चंद्राकर पालिका अध्यक्ष चुने गए थे और नगर पालिका उपाध्यक्ष की कुर्सी कांग्रेस पार्षद के पास रही। कांग्रेस पार्षदों ने नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ  अविश्वास प्रस्ताव पेश किया। इस बीच भाजपा के छह पार्षद एक साथ अज्ञातवास पर चले गए। वहीं दो पार्षदों ने क्षेत्रीय विधायक विनोद चंद्राकर की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता ले ली थी। 
 


अन्य पोस्ट