महासमुन्द
सशस्त्र पुलिस जवान, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट, गाइड, रेडक्रॉस के छात्र-छात्राएं मार्च पास्ट करेंगे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 अगस्त। कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में स्वतंत्रता दिवस की प्रारम्भिक तैयारियों के संबंध में बैठक ली। उन्होंने कहा कि गत वर्ष की तरह स्वतंत्रता दिवस गरिमापूर्ण तरीके से मनाया जाएगा। राज्य शासन से समारोह के आयोजन के संबंध में दिशा.निर्देश जारी हो गए हैं। उसके हिसाब से आयोजन और कार्यक्रमों की रूपरेखा बनायी जाए। स्वतंत्रता दिवस पर जिला मुख्यालय में मुख्य समारोह प्रात: 9 बजे शुरू होगा। कार्यक्रम मिनी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।
स्वतंत्रता दिवस पर सशस्त्र पुलिस जवानों, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट, गाइड, रेडक्रॉस के छात्र-छात्राओं द्वारा मार्च पास्ट किया जाएगा।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा और मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन भी होगा। कोविड.19 के प्रसार को दृष्टिगत रखते हुए स्कूली बच्चों का सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित नहीं होगा। उन्होंने कहा जिले के अन्य कार्यालयों में ध्वजारोहण सुबह 8 बजे केपूर्व सम्पन्न कर लिए जाएं ताकि उन कार्यालयों के अधिकारी.कर्मचारी जिले के मुख्य समारोह में उपस्थित हो सकें।
कलेक्टर ने आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत हर घर झण्डा कार्यक्रम के तहत अधिकारी-कर्मचारियों और आम जनता से अपील की कि वे अपने-अपने घरों और प्रतिष्ठानों में 11 से 17 अगस्त तक राष्ट्रीय ध्वज फहराएं और लोगों को राष्ट्रीय ध्वज अपने घरों में फहराने के लिए प्रेरित करें। ताकि आमजन में देशभक्ति की भावना विकसित हो तथा राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान में भी वृद्धि हो। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से कहा कि वे उत्कृष्ट कार्य करने वाले अपने अधिकारी.कर्मचारी के नाम 10 अगस्त से पहले कार्यालय कलेक्टर में भेज दें। उन्होंने अधिकारी.कर्मचारियों से अपने.अपने निवास पर और कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज लगाने अपील की। इसके साथ ही निजी संस्थाओं से भी आग्रह किया वे अपने भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएं एवं 15 अगस्त 2022 के अवसर पर रात्रि में भवनों पर रोशनी भी करें।
उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग द्वारा बेरिकेडिंग के लिए बॉस बल्ली के लिए वन विभाग से समन्वय कर व्यवस्था करेंगे। समारोह स्थल पर वाहनों की पार्किंग व्यवस्था का निर्धारण जिला परिवहन अधिकारी, पुलिस तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा किया जाएगा।
कलेक्टर क्षीरसागर ने बैठक में कहा कि जिले में वैक्सीनेशन और बूस्टर डोज का कार्य लगातार चलता रहे। आप लोगों के सफल कामों के कारण ही जिले में शत प्रतिशत वैक्सीनेशन हुआ है। उन्होंने गौठानों में नियमित गोबर खरीदी और वर्मी उत्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कृष्ण कुंज में पौधा रोपण की तैयारी और वन विभाग को जमीन आबंटन की जानकारी ली। आप लोग इस कार्य में पूरे अनुभवी हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री जन चौपाल, जन शिकायत और कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की जानकारी ली। उन्होंने लंबित प्रकरणों को शीघ्र निपटाने की बात कही। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ एस.आलोक, अपर कलेक्टर ओपी कोसरिया संविदा, डा. नेहा कपूर, एसडीएम भागवत जायसवाल, सीएमएचओ डा. एसआर बंजारे के साथ अन्य मौजूद थे।