महासमुन्द
मुख्यमंत्री नोनी सशक्तीकरण सहायता योजना का मिला लाभ
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 15 जुलाई। श्रमिक परिवारों की बेटियों को सशक्त बनाने के लिए गणतंत्र दिवस पर राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री नोनी सशक्तीकरण सहायता योजना की शुरुआत की थी। इस योजना के तहत महासमुंद जिले के 356 हितग्राहियों की बेटियों के खाते में 20-20 हजार रुपए प्रदान किये गये हंै। राज्य सरकार ने इस योजना के तहत कुल 71 लाख 20 हजार रुपए का भुगतान एकमुश्त किया है।
इस योजना के तहत महासमुंद गुड़रूपारा निवासी हितग्राही छगन बाई की बेटी नेहा व ग्राम बेमचा निवासी भारती निर्मलकर की बेटी भूमिका के खाते में राशि आ गई है। जिसका उपयोग दोनों ही पढ़ाई के लिए करने वाली हैं। यह योजना लाभार्थियों को आर्थिक सहायता के साथ-साथ सामाजिक सहायता भी प्रदान कर रही है। श्रमिक परिवारों की बेटियों को शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार के साथ ही उनके विवाह में यह राशि मजबूत सहायता प्रदान कर रही है। इस योजना में छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल में पंजीकृत श्रमिक ही पात्र है। पात्रधारियों को योजना का लाभ लेने के लिए मुख्यमंत्री नोनी सशक्तीकरण सहायता योजना की अधिकारिक वेबसाइट पर ऑन लाइन पंजीयन करना होगा।