महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 14 जुलाई। नवपदस्थ एसपी भोजराम पटेल ने पदभार ग्रहण करते ही जिले में कार्यालयीन कामों की शुरुआत राज्यगीत से करने की नई
परंपरा की शुरुआत कर दी है। आज भी पुलिस विभाग के जिला मुख्यालय समेत जिले के थानों में सुबह-सुबह अरपा पैरी के धार राज्यगीत के साथ कार्यालय खुला। कल बुधवार से यह नई परंपरा प्रचलन के लाई गई है। एसपी कार्यालय में इसकी शुरुआत हुई। स्वयं एसपी भोजराम पटेल उपस्थित रहकर अधिकारी-कर्मचारियों के साथ राज्यकीय गीत अरपा पैरी के धार गाते नजर आए। सुबह साढ़े 10 बजे एसपी कार्यालय व सभी थानों और रिजर्व पुलिस लाइन में उपस्थित पुलिस अधिकारियों और जवानों ने कल की तरह आज भी छत्तीसगढ़ के राज्यगीत का गायन किया।
एसपी कार्यालय में शिक्षक सुरेंद्र मानिकपुरी ने हारमोनियम से धुन भी दिया। मालूम हो कि एसपी श्री पटेल ने प्रतिदिन लाइन और सभी थानों में सुबह गणना के समय राज्यगीत गायन के निर्देश जारी किए हैं। इस अनूठी पहल की शुरुआत की जिले में काफी सराहना हो रही है। पूर्व शिक्षक रहे एसपी पटेल अनुशासन का पालन कराने में सख्त हैं। साथ ही वे यह भी बेहतर समझते हैं कि आम नागरिक पुलिस की कैसी छबि चाहता है। अधिकारी जवानों की जरूरतों पर भी उनकी सजगता है।
पहली ही क्राइम मीटिंग में उन्होंने अधिकारी व जवानों के अवकाश व्यवस्था को लेकर चर्चा की है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मेघा टेम्भुरकर, एसडीओपी पिथौरा विनोद मिंज, एसडीओपी बागबहरा कपिल चंद्रा, एसडीओपी सरायपाली विकाश पाटले, एसडीओपी महासमुंद कल्पना वर्मा, डीएसपी यातायात राजेश देवांगन व जिले के समस्त थाना व चौकी प्रभारी राजगीत के परिपालन के लिए मुस्तैद हैं।