महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 1 जुलाई। महासमुंद जिले में आज से 19 तरह के सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूरी तरह से रोक लग गई है। कहा जा रहा है कि इस निर्णय से प्लास्टिक कचरे में कमी भी आएगी और स्वच्छता को लेकर बेहतर काम किया जा सकेगा। सिंगल यूज प्लास्टिक में डिस्पोजल गिलास, कप, पतली पॉलिथीन बैग सहित प्लास्टिक से बनी अन्य चीजें शामिल हैं। जिनका सिर्फ एक बार उपयोग किया जाता है। इनकी बिक्री, वितरण और उपयोग पर पूरी तरह पाबंदी होगी।
इसके लिए खबर है कि पहले सप्ताह पालिका की ओर से चेतावनी दी जाएगी। इसके बाद पालिका कार्रवाई करेगी। फिर भी उपयोग किया तो पकड़े जाने पर 5 लाख रुपए तक जुर्माना या एक साल जेल या दोनों सजा मिल सकती है। गौरतलब है कि सरकार ने 2017 से सिंगल यूज प्लास्टिक बैन किया है। लेकिन कड़ाई से पालन नहीं हो रहा है। अत: राज्य ने इसे पूर्णत बंद करने का निर्णय लिया है।
जिला प्रशासन व स्थानीय पालिका प्रशासन कार्रवाई के मूड में दिख रही है। इसके लिए पालिका प्रशासन की ओर से कार्रवाई के लिए टीम भी गठित की जाएगी और कार्रवाई होगी। ऐसा जिलेभर में होगा। इस संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी आशीष तिवारी का कहना है कि सप्ताहभर तक बाजार सहित पूरे क्षेत्र में सिंगल प्लास्टिक के पाबंदी के संबंध में मुनादी कराएंगे। इसके बाद बड़े दुकानों और प्रतिष्ठानों में सीधे टीम छापामार कार्रवाई करेंगे। इस बार किसी को भी नहीं छोड़ा जाएगा।
सिंगल यूज प्लास्टिक पर पाबंदी व कार्रवाई की जानकारी दुकानदारों को है, फिर भी कल गुरूवार तक बाजार व दुकानों में प्लास्टिक का इस्तेमाल खुले आम हुआ। यहां सामान लेने पहुंच रहे लोगों को भी दुकानदार पॉलिथीन थमा रहे हैं। पालिका क्षेत्र में आज से बाजार सहित इलाकों में सिंगल यूज प्लास्टिक पर पाबंदी किए जाने की जानकारी के लिए मुनादी कराई जा रही है। पूरे क्षेत्र में इसकी जानकारी देने के लिए करीब सप्ताहभर लगेगा। इसलिए मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने सप्ताहभर की छूट दुकानदारों को दी है। इसके बाद टीम दुकान व बाजार में छापामार कार्रवाई करेगी।
जिनकी पाबंदी की गई है उसमें डिस्पोजल गिलास, डिस्पोजल कप, पतली पॉलिथीन, थैली, पानी पाउच, प्लास्टिक स्टिक वाले ईयर बड्स, गुब्बरों के लिए प्लास्टिक स्टिक, प्लास्टिक झंडे, कैंउी स्टिक, आइसक्रीम स्टिक, थर्मोकोल, प्लास्टिक की प्लेट, कांटे, कटलरी, चम्मच, चाकू, स्ट्रॉ, ट्रे, मिठाई डिब्बों को रैप या पैक करने वाली फिल्म, इन्विटेशन कार्ड, सिगरेट के पैकेट, 100 माइक्रोन से कम प्लास्टिक वाले सामान शामिल हैं।