महासमुन्द

15 अक्टूबर के बीच खदानों से रेत निकालने की मनाही, हो रहा उत्खनन
22-Jun-2022 4:27 PM
15 अक्टूबर के बीच खदानों से रेत निकालने की मनाही, हो रहा उत्खनन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 जून।
एनजीटी के आदेश के अनुसार 10 जून से 15 अक्टूबर के बीच खदानों से रेत निकालना मना है, लेकिन इस आदेश का पालन महासमुंद जिले के रेत घाटों में नहीं हो रहा है। दिन में पकड़े न जाएं इसलिए अब घाट से रेत निकालने का कारोबार चल रहा है। रेत को ढोने वाली गाडि़य़ां अब रात को घाट में पहुंच रही है। वहीं ट्रैक्टर से ढुलाई करने वाले घाट न जाकर सीधे महानदी के किनारे पहुंचकर जहां जगह मिल रही है वहीं से रेत निकालकर परिवहन कर रहे हैं।

जिला मुख्यालय के पास ही घोड़ारी पुल के नीचे प्रतिदिन, रात में भी रेत लदे ट्रैक्टरों की लाइन देखी जा रही है। यहां से रोज ट्रैक्टर के सहारे अवैध परिवहन हो रहा है और रात में हाईवा से। दिन में हाईवा के जरिए भंडारण वाले स्थानों से रेत का परिवहन किया जा रहा है। रेत का कारोबार करने वाले नदी से बाहर रेत डंप कर रहे हैं, ताकि बारिश के समय परेशानी न हो। कई लोगों ने स्थाई रूप से भंडारण के लिए अनुमति ली है। वहीं कई ऐसे हैं जो बिना अनुमति रेत भंडारण कर रहे हैं। जहां अनुमति है वहां क्षमता से अधिक का भांडारण किया जा रहा है। विभाग केअधिकारी स्थल भंडारण देखने तक की कोशिश नहीं कर रहे हैं।

विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक जिले के 20 स्थानों पर रेत भंडारण की अनुमति दी है। जिसमें अमित चंद्राकर बरबसपुर को  4 हजार टन, सनत परमार बरबसपुर हजार टन, भुनेश्वरी निषाद 2 हजार टन, दामोदर चंद्राकर बिरकोनी 4 हजार टन, प्रकाश चंद्राकर बिरकोनी 4 हजार टन, संदीप निषाद बिरकोनी 4 हजार टन, दीपक चंद्राकर बिरकोनी 2 हजार टन, मनीष कुमार वाधवा परसवानी 1 हजार टन, दिव्या उप्पल सांकरा 5 हजार टन, चंदन चंद्राकर बिरकोनी 2 हजार टन, दिलीप चंद्राकर 6 हजार टन, ईशान मिनरल्स प्रो.अजय बरबसपुर 17 हजार टन, बलराम कांत साहू लहंगर 10 हजार टन, अखिलकांत साहू घोड़ारी 2 हजार टन, सौरभ चंद्राकर बिरकोनी 2 हजार टन, अमित कुमार दुबे खड़सा 2 हजार टन, योगेश चंद्रनाहू बिरकोनी 6750 टन, नीरज चंद्राकर परसट्टी 4 हजार टन व चुड़ामणि चंद्राकर कनेकेरा को 4 हजार टन रेत भंडारण की अनुमित शामिल है।
 


अन्य पोस्ट