महासमुन्द

बर्थडे पार्टी में बुलाकर तीन लोगों पर हमला, दो की स्थिति नाजुक
22-Jun-2022 3:29 PM
बर्थडे पार्टी में बुलाकर तीन लोगों पर हमला, दो की स्थिति नाजुक

दूसरे दिन रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे प्रार्थी पर भी प्राणघातक हमला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 जून।
बर्थडे पार्टी मनाने केक काटने के बहाने बुलाकर सोमवार रात 10 बजे स्थानीय छिपियापारा दुर्गा मंदिर चौक के पास बीयर की बोतल, ईंट व हथियारों से लैस युवकों ने तीन लोगों पर प्राण घातक हमला कर दिया। इससे दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। दोनों को जिला अस्पताल में इलाज के बाद रायपुर भेज दिया गया है। दोनों के सिर में गंभीर चोट आई है। घटना के दूसरे दिन  मंगलवार सुबह कोतवाली थाना परिसर में फिर रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे नयापारा निवासी अजय निर्मलकर की रॉड व बीयर की बोतलों से हमला कर सिर फ ोड़ दिया गया। थाना परिसर में बीयर की बोतल पड़ी रही।

घायल अजय निर्मलकर ने बताया कि सोमवार बच्चों में आपसी विवाद हुआ था, लेकिन छिपियापारा के रहने वाले शिवा निहाल, हरीश तांडी, मिंटू सिंह, सुशील सोनी व अन्य ने मामले का पटाक्षेप कर दिया था। थोड़ी देर बाद केक काटने के बहाने राज यादव, अनमोल सिंह सहित सभी को बुलाया। 10 से 12 लोग केक काटने पहुंचे थे। प्लांनिंग से शिवा, हरीश, मिंटू, सुशील सहित करीब 20 से 30 लडक़े हथियार, बीयर की बोतल व ईंट लेकर खड़े थे। जैसे ही वहां हम लोग पहुंचे लडक़ों ने मारपीट शुरू कर दी।

सोमवार रात छिपियापारा दुर्गा मंदिर के पास हुए हादसे की रिपोर्ट दर्ज कराने नयापारा निवासी अजय निर्मलकर अपने दोस्तों के साथ मंगलवार सुबह कोतवाली पहुंचा। अजय कोतवाली परिसर के अंदर पेड़ के नीचे बैठा हुआ था। उसी समय आरोपी हर्ष, बसंत, सूर्या, बंटी चौहान, अंकित विश्वकर्मा, सोभित नंद सहित अन्य लडक़े थाना पहुंचे और बीयर की बोतल व रॉड से अजय पर हमला कर दिया। इससे अजय का सिर फट  गया और वह खून से लथपथ हो गया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।


अन्य पोस्ट