महासमुन्द
समीप के आंगनबाड़ी केंद्र में दो पालियों में वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी-डीईओ
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 18 जून। स्कूल खुलने के दूसरे दिन ही कल शुक्रवार को पटेवा क्षेत्र के ग्राम पंचायत सिंघनगढ़ के ग्रामीणों ने प्राथमिक शाला में ताला जड़ दिया। जानकाररी मुताबिक स्कूल शुरू होने के ठीक पहले बड़ी संख्या में ग्रामीण और पालक बच्चों के साथ स्कूल भवन के सामने एकत्रित हुए और नारेबाजी करते हुए मेन गेट में ताला लगा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि वे पिछले कई साल से नए स्कूल भवन की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि वर्तमान में जिस भवन में प्राथमिक शाला संचालित होती है, वह पूरी तरह से जर्जर हो चुका है और वहां बच्चों को पढऩे के लिए भेजना जोखिम भरा है।
शुक्रवार को गांव के पालक कुलेश्वर पटेल, योगेश यादव, दुकालू बरिहा, संतोष यादव, परस पटेल, मायाराम यादव सहित गांव के अन्य ग्रामीण स्कूल पहुंचे थे। यहां उन्होंने पुरानी मांग को दोहराते हुए स्कूल में ताला जड़ दिया। पालकों ने बताया कि दो साल से नए भवन निर्माण की मांग की जा रही है।
ग्रामीण कहते हैं कि विभागीय अधिकारियों के साथ ही इस मांग से कलेक्टर को भी अवगत कराया जा चुका है। बावजूद इसके इस ओर किसी ने ध्यान नहीं दिया। इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी एस चंद्रसेन ने कहा कि समीप के आंगनबाड़ी केंद्र में दो पालियों में वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो इसका ध्यान रखा जा रहा है।
पालकों ने बताया कि सामान्य दिनों में पेड़ के नीचे पढ़ाई हो रही थी। अब बारिश में यहां बच्चों को भेजना खतरनाक हो सकता है। इस संबंध में स्थानीय विधायक को भी कई बार बताया गया, लेकिन हल नहीं निकला। मालूम हो कि सिंघनगढ़ के प्राथमिक शाला में पहली से पांचवी तक की कक्षाएं संचालित होती है। यहां कुल 58 बच्चे अध्ययनरत हैं। यहां के ग्रामीणों ने पिछले शिक्षा सत्र में भी भवन निर्माण की मांग को लेकर तालाबंदी की थी। उस दौरान तात्कालीन तहसीलदार और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। अधिकारियों ने वैकल्पिक व्यवस्था करने की बात कही थी, लेकिन अब तक कुछ नहीं हो पाया। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक नवीन भवन का निर्माण नहीं होता या फिर वैकल्पिक व्यवस्था नहीं हो जाती, वे बच्चों को स्कूल नहीं भेजेंगे।