महासमुन्द

नौकरी लगाने के नाम पर ठगी, पिता-पुत्र के खिलाफ मामला दर्ज
15-Jun-2022 2:47 PM
नौकरी लगाने के नाम पर ठगी, पिता-पुत्र के खिलाफ मामला दर्ज

डेढ़ लाख रुपए लेने एवं फर्जी नियुक्ति पत्र देने के आरोप भी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,15 जून।
हाईकोर्ट के आदेश के परिपालन में सांकरा पुलिस ने नौकरी लगाने के नाम पर डेढ़ लाख रुपए लेने एवं कूटरचित कर फर्जी नियुक्ति पत्र देने के आरोप में ग्राम सलडीह निवासी पिता व पुत्र के खिलाफ  धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। वहीं पुलिस आरोपियों की पतासाजी कर रही है। आवेदक ने पुलिस को बताया कि वह गांव के आसपास के लोगों से भी नौकरी लगाने के नाम पर रुपए लिया है।

सांकरा थाना प्रभारी उमाकांत तिवारी ने बताया कि मामला 2016 का है। हाईकोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार ग्राम मोहगांव बलीराम मटारी पिता गौतम का बेटा डेविड कुमार के साथ 15 दिसंबर 2016 को अपने रिश्तेदार रंकमणी जाल के घर ग्राम सलडीह पारिवारिक कार्य से गया था।

जहां पर रंकमणी जाल के पुत्र सव्यसांची ने बातों ही बातों में कहा कि मंत्रालय में विभिन्न तरह की नौकरियां लग रही है तुम्हारे पुत्र को नौकरी लगवा सकते हैं। डेविड को वह खाद्य निगम महासमुंद में कम्प्यूटर ऑपरेटर के पद पर नौकरी के लिए 1.70 लाख रुपए की मांग की।

पिता-पुत्र की बातों पर भरोसा कर उन्होंने 1.50 लाख सव्यसांची जाल को 16 दिसंबर 2016 को उसके ग्राम सलडीह में उनके पिता के सामने दिया था। पीडि़त बलीराम ने पुलिस को बताया कि आरोपी पिता.पुत्र ने नौकरी लगाने के नाम पर ग्राम सलडीह के सुकदेव पंडा से 1.20 लाख, ग्राम बाराडोली के बंशीधर पटेल से 1.90 लाख, डुलामणी साहू ग्राम बारिकपाली से 2.50 लाख, ग्राम सलडीह के रमेश साहू से 1.50 लाख, ग्राम खेमडा के नारायण यादव से 1.80 लाख, ग्राम पंधी सरायपाली निवासी गजानंद भोई से 2.80 लाख, ग्राम पंधी के गणेश राम यादव से 2.70 लाख रुपए लिए। लेकिन किसी की भी नौकरी नहीं लगी है। उन्होंने पुलिस को बताया कि पुत्र की नौकरी लगाने के नाम पर ब्याज पर उधार रुपए लेकर आरोपी को दिया था जिसे अभी तक वापस नहीं किया है।
 


अन्य पोस्ट