महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 जून। महासमुंद पिथौरा ब्लॉक में टीकाकरण के बाद तीन माह की बच्ची के मौत मामले में मौत के कारणों की पुष्टि हो गई है। इस संबंध में कल टीकाकरण के बाद होने वाले प्रभावों की समीक्षा करने वाली जिला स्तरीय कमेटी की बैठक हुई। बैठक में शव परीक्षण की रिपोर्ट और चिकित्सक ने कहा कि बच्ची की मौत श्वास नली में दूध के फंसने और श्वास नहीं ले पाने के चलते हुई है। मालूम हो कि बीते मंगलवार को जगदल्ला निवासी खगेश चक्रधारी ने अपनी तीन माह की बच्ची को भुकरोनी आंगनबाड़ी केंद्र में टीका लगवाया था और इसके कुछ देर बाद घर पहुंचने पर बच्ची बेहोश हो गई थी। इसके बाद बच्ची को पीएचसी में लेकर गए और वहां से पिथौरा सीएचसी रेफर किया गया, जहां बच्ची को मृत घोषित कर दिया गया था। इसके बाद से परिजनों ने ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक पर लापरवाही का आरोप लगाया था।
इस संबंध में सीएमएचओ डॉ. एसआर बंजारे ने बताया है कि बच्ची के शव परीक्षण की रिपोर्ट आ गई है। शव परीक्षण में सामने आया है कि बच्ची के श्वास नली में दूध फंस गया था। जिससे उसे सांस लेने में परेशानी हुई और वह बेहोश हो गई। इसके बाद पिथौरा सीएचसी ले जाते समय उसकी मौत हो गई थी। बच्ची की मौत वैक्सीन की वजह से नहीं है और इसका कोई भी दुष्प्रभाव नहीं हुआ है। उस दिन अन्य बच्चों को भी वैक्सीन लगाई गई थी, जिसमें सभी सुरक्षित भी हैं।