महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 7 जून। ग्राम पंचायत लाखागढ़ में इंदिरा कॉलोनी के 60 परिवारों का सरकारी जमीन को आबादी घोषित करने की मांग को लेकर चल रहे धरना प्रदर्शन अब आमरण अनशन में बदल गया। कॉलोनी के दो पीडि़त फिरोज खान एवं राजेन्द्र पण्डा आमरण अनसन में बैठे है। उक्ताशय से संबधित पत्र अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को प्रेषित किया जा चुका है। इसके अलावा अन्य पीडि़त भी धरने पर बैठे हुए हैं।
ज्ञात हो कि स्थानीय तहसील कार्यालय के समक्ष एक सूत्रीय उक्त मांग को लेकर ग्राम लाखागढ़ इंदिरा कॉलोनी निवासी 60 पीडि़त परिवार धरना प्रदर्शन कर अपनी मांगों को लेकर तपती गर्मी में आंदोलन पर डटे हुए हैं।
धरना प्रदर्शन के लिए अनुमति के लिए एक पत्र अनुविभागीय अधिकारी एवं पुलिस प्रशासन को गत दिनों सौपा है, तथा 3 जून से धरना प्रदर्शन प्रारंभ किया गया था। आंदोलनकारियों ने 6 जून तक मांग पूरी न होने पर आमरण अनशन की चेतावनी दी थी। लिहाजा 6 जून से दो आंदोलनकारी अनसन पर बैठ गए।
बताया जाता है कि पिथौरा से लगे लाखगढ़ के इंदिरा कॉलोनी में शासकीय भूमि खसरा नम्बर 1/7, 1/8 रकबा क्रमांक 0.405, 1.2014 हेक्टेयर को आबादी घोषित किये जाने के लिए कलेक्टर महासमुंद को ग्राम सरपंच द्वारा आवेदन प्रस्तुत किया गया था। जिसे जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत किये जाने के लिए पिथौरा तहसीलदार द्वारा विगत 7 फरवरी को आदेश जांच प्रतिवेदन जारी किया गया है। किंतु आज पर्यंत तक जांच प्रतिवेदन कार्यालय तहसीलदार में प्रस्तुत नहीं किया गया, जबकि फरवरी माह में ही आबादी घोषित किये जाने के लिए 25 तारीख को सुनवाई तिथि रखी गई थी। 4 माह व्यतीत होने के बाद भी जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत नहीं किये जाने से ग्रामीण क्षुब्ध हैं।
अनशनकर्ता फिरोज खान ने बताया कि प्रशासन के नुमाइंदों द्वारा बेवजह लापरवाही किये जाने से आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ा। इस तपती एवं झुलसाती गर्मी में टेंट के नीचे आंदोलनकारी ग्रामीण महिला एवं पुरुष धरने पर डटे हुए हैं।
इस आंदोलन में फिरोज खान, राजेन्द्र पंडा, के अलावा, जगदीश वासीदेव, किशोर नायक, अलादिनी तांदी, तुलारी अग्रवाल, रोहित साहू, निराबाई देवांगन, सरस्वती, सुखराम प्रजापति, मनोज, शोएब खान, गुरमीत कौर एवं राधा सहित अन्य महिला पुरुष धरना प्रदर्शन पर डटे हुए हैं।