महासमुन्द

तीन साल से वन अधिकार पट्टा के लिए भटक रहे पिरदा के ग्रामीण, जनदर्शन फिर पहुंचे
01-Jun-2022 3:50 PM
तीन साल से वन अधिकार पट्टा के लिए भटक रहे पिरदा के ग्रामीण, जनदर्शन फिर पहुंचे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 1 जून ।
ग्राम पिरदा के ग्रामीण पिछले तीन साल से वन अधिकार पट्टा के लिए भटक रहे हैं। कई बाद जन चौपाल में आवेदन देने के बाद भी उनकी मांग पर किसी ने ध्यान नहीं दिया। कल मंगलवार को एक बार फिर से ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर कलेक्टोरेट पहुंचे और यहां कलेक्टर नीलेशकुमार झीरसागर को ज्ञापन सौंपा।

ग्रामीणों ने बताया कि वे ग्राम पंचायत मालीडीह के आश्रित ग्राम पिरदा के निवासी हैं। ग्रामीण जोहत्रीबाई यादव, सुभाष मेहर, जगनू मेहर, पवन मेहर, महेन्द मेहर आदि ने बताया कि वे बड़े झाड़ के जंगल कक्ष क्रमांक 822 में साल 2000- 01 से कब्जा कर खेत बनाकर खेती कर अपने परिवार का भरण.पोषण करते आ रहे हैं। उनके पास उक्त भूमि के अलावा अन्य कोई भूमि नहीं है। गांव में काबिज अन्य व्यक्तियों को वन अधिकार पट्टा योजना के तहत पट्टा मिल चुका है, लेकिन उन्हें नहीं मिला है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 से वनाधिकार पट्टा के लिए आवेदन दिया था। जिसे वन विभाग द्वारा सत्यापन भी किया गया है। बीते दिनों ग्राम सभा में छूटे हुए वन भूमि में काबिज 50 लोगों को पट्टा का वितरण किया गया। वहीं पूर्व में दिए गए आवेदन एवं सूची में नाम होने के बावजूद 12 लोगों को वंचित रखा गया। उन्होंने ने बताया कि वंचित होने के कारण अपने उपज को समर्थन मूल्य में नहीं बेच पा रहे हैं। औने.पौने दाम में उपज को बेंच रहे हैं। इससे नुकसान हो रहा है।

पिथौरा ब्लॉक के ग्राम पंचायत छोटेलोरम के किसान मालिकराम, नारायण, राधेश्याम, राजकुमार, कुशराम, साहेबलाल, सोहन, शकुंतला, बसंत, दुकालू, महेशराम भी जनदर्सन में पहुंचे थे। उन्होंने कलेक्टर जनचौपाल में फसल बीमा योजना का लाभ नहीं मिलने की शिकायत कलेक्टर से की। किसानों ने बताया कि ग्राम पंचायत छोटेलोरम और टुकड़ा के काश्तकार किसानों ने शासन की फसल बीमा योजना के तहत साल 2021 में फसलों का बीमा कराया था। फसल न होने से उन्हें आर्थिक क्षति हुई है। बावजूद उन्हें फसल बीमा योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। जबकि गांव के आधे से ज्यादा किसानों को योजना के तहत लाभ मिल चुका है। किसानों का कहना है कि उन्होनें भी योजना का लाभ मिलने वाले किसानों की तरह ही फसल बीमा की रकम जमा कराई है। पर उन्हें लाभ नहीं मिलना समझ से परे है।


अन्य पोस्ट