महासमुन्द

साल भर में 871 लोग नशा मुक्ति केंद्र पहुंचे, लंबी काउंसलिंग के बाद 303 ने पूरी तरह तंबाकू छोड़ा, 300 न के बराबर सेवन कर रहे
31-May-2022 2:53 PM
साल भर में 871 लोग नशा मुक्ति केंद्र पहुंचे, लंबी काउंसलिंग के बाद 303 ने पूरी तरह तंबाकू छोड़ा, 300 न के बराबर सेवन कर रहे

एक व्यक्ति रोजाना 40 से अधिक सिगरेट पीता था, कुछ तो तीन दशक से तम्बाकू सेवन करते आ रहे थे-डॉ. कसार

विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर विशेष

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 31 मई।
महासमुंद जिले में साल 2020-21 में तंबाकू छोडऩे के उद्देश्य से कुल 871 लोग तंबाकू नशा मुक्ति केंद्र पहुंचे और लंबे काउंसलिंग और कोर्स के बाद इनमें से कुल 303 लोगों ने पूरी तरह से तंबाकू छोड़ दिया है। वहीं लगभग 300 लोगों ने भी तंबाकू का सेवन नहीं के बराबर कर दिया है। जिला अस्पताल सूत्र कहते हैं कि तंबाकू छोडऩे के लिए केंद्र पहुंचने वाले लोग बहुत ज्यादा तंबाकू के आदी हो जाने के बाद ही पहुंचते हैं। लंबे काउंसलिंग के बाद लगभग 30 फीसदी से अधिक लोग पूरी तरह तंबाकू का सेवन छोड़ देते हैं।

इस संबंध में जिला नोडल अधिकारी तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम डॉ. अनिरूद्ध कसार कहते हैं कि यहां आने वाला एक व्यक्ति रोजाना 40 से अधिक सिगरेट का सेवन करता था। अब उन्होंने सिगरेट पूरी तरह से छोड़ दिया। कुछ ऐसे थे जो लगभग तीन दशक से तम्बाकू सेवन करते आ रहे थे। ऐसे में उन्हें कई प्रकार की बीमारियां भी हो गई थीं। इसके बाद वे तंबाकू नशा मुक्ति केंद्र पहुंचे और काउंसलिंग व दवाई लेकर अपने सालों की आदत को मात्र दो महीने में ही छोड़ दिया। एक महिला आई थी। वह भी सालों से तंबाकू और गुड़ाखू का सेवन करती रही। ज्यादा तंबाकू के सेवन के चलते उनके मुंह में गांठ हो गई। जिसके बाद वह घबराकर तंबाकू नशा मुक्ति केंद्र पहुंची। जहां उनकी स्क्रीनिंग की गई। जिसमें कैंसर नहीं होने की बात सामने आई। इसके बाद उन्होंने तंबाकू छोडऩे का कोर्स पूरा किया और 3 महीने में ही तंबाकू व गुड़ाखू से पूरी तरह से पीछ़ा छुड़ा लिया।

डा. कसार के मुताबिक तंबाकू छुड़वाने के मामले में महासमुंद जिला पिछले कई सालों से टॉप 10 में ही है। साल 2022 में भी सैकडों की संख्या में लोग काउंसलिंग के लिए केंद्र पहुंच रहे हैं। आज मंगलवार को विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लोगों की स्क्रीनिंग और जागरूकता शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि तंबाकू के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और आर्थिक क्षति के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए हर साल 31 मई को विश्व भर में तंबाकू निषेध दिवस के तौर पर मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि महासमुंद जिले में भी साल 2020-21 में तंबाकू छोडऩे के उद्देश्य से कुल 871 लोग तंबाकू नशा मुक्ति केंद्र पहुंचे और लंबे काउंसलिंग और कोर्स के बाद इनमें से कुल 303 लोगों ने पूरी तरह से तंबाकू छोड़ दिया है। वहीं लगभग 300 लोगों ने भी तंबाकू का सेवन नहीं के बराबर कर दिया है।
 


अन्य पोस्ट