महासमुन्द
नागरिकों ने संसदीय सचिव को सौंपा ज्ञापन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,10 मई। शहर के वार्ड 6 नयापारा में आबादी क्षेत्र में लगाए जा रहे मोबाइल टावर का विरोध शुरू हो गया है। वार्डवासी टावर लगाए जाने का विरोध कर रहे हैं। वार्डवासियों ने संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर से मिलकर इसकी शिकायत की है साथ ही टावर नहीं लगाए जाने की कार्यवाही की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा है।
वार्डवासियों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संसदीय सचिव ने मामले में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को वार्ड 6 नयापारा के नागरिकों ने संसदीय सचिव विनोद चंद्राकर से मुलाकात कर टावर लगाए जाने का विरोध करते हुए ज्ञापन सौंपकर कार्यवाही की मांग की है।
नागरिकों ने बताया है कि वार्ड के टाउन हाल के पास एक निजी जमीन पर एक कंपनी द्वारा टावर लगाया जा रहा है, जो कि आबादी क्षेत्र में आता है। टावर लगने से उसके रेडिएशन से नागरिकों के स्वास्थ्य पर विपरीत असर पड़ सकता है। लिहाजा टावर को आबादी क्षेत्र से दूर अन्य स्थान पर लगाना चाहिए। जिस पर संसदीय सचिव ने इस मामले में उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया है।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से इमरान कुरैशी, अजय बंजारे, अग्नू राम, दिलीप कुमार, धीरज सिन्हा, गोपाल सोना, सुरेश चौहान, निरंजन कुमार, विजेंद्र कुमार, भूपेंद्र बंजारे, मैना, सरिता, प्रियंका निराला, लीला बाई, कमला महिलांग, पुष्पा निराला, नीलम चेलक, बादल बंजारे आदि मौजूद थे।