महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 मई। जिले में तेंदूपत्ता तोड़ाई का काम शुरू हो गया है। इस साल जिले में 786 फड़ों के जरिए 95400 मानक बोरा खरीदी का लक्ष्य रखा गया है। जिले के 1 लाख 5 हजार संग्राहक परिवार 4 मई से काम में लग गए हैं।
चार ही दिन में संग्राहकों ने 46 प्रतिशत यानी 43 हजार मानक बोरा का तोड़ाई कर ली है। 54 प्रतिशत कार्य शेष रह गया है। तोड़ाई के लिए निर्धारित समय सीमा में कार्य संग्राहक पूरा करेंगे। तोड़ाई का काम चार सप्ताह तक चलता है। कहा जा रहा है कि इस बार तोड़ाई के बाद रुपए के लिए चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। सीधे संग्राहकों के खाते में रुपए जमा होगा। ऑनलाइन डाटा बेस सर्वे का काम भी चल रहा है। आवश्यक दस्तावेजों के साथ संग्राहक लोक सेवा केंद्र में अपडेट करा रहे हैं।
एसडीओ एआर बंजारे ने बताया कि तोड़ाई का काम 4 मई से शुरू हो गया है। आज तक 46 प्रतिशत तोड़ाई हो गई है। समय सीमा तक लक्ष्य पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। जिले के एक लाख 5 हजार संग्राहक परिवार तेंदूपत्ता तोड़ाई के कार्य में लगे हुए हैं। पूरे माह में यह परिवार लगभग 95 हजर 400 मानक बोरो की तोड़ाई करेंगे। तेंदूपत्ता संग्राहकों को इस बार आधार सीडिंग कराना होगा।
यदि बैंक से आधार सीडिंग नहीं हुआ तो उसके खाते में सीधे रुपए जमा नहीं हो पाएंगे। इसलिए आधार सीडिंग जरूरत है। सीएचसी के प्रभारी श्यामल शर्मा ने बताया कि संग्राहक पहले लोक सेवा केंद्र में आधार सीडिंग की जानकारी लें। यदि आधार खाते से लिंक नहीं है तो उसे तत्काल निकटतम बैंक में जाकर कराएं। संग्राहक परिवारों का आधार सीडिंग एक ही दिन में करने के लिए कहा गया है।