महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 मई। घरेलू गैस सिलिडरों की कीमत में 50 रुपये की वृद्धि ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। परसों शुक्रवार को सरकार ने 14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलिंडर की कीमत में 50 रुपये का इजाफा किया है। इसके बाद इसकी कीमत 1021 रुपये से बढक़र 1071 रुपये हो गई है। वहीं सरकार ने व्यावसायिक सिलिंडर की कीमत में आठ रुपये की मामूली कटौती की है जो 2542 रुपये से 2536 रुपये हो गया है।
मालूम हो कि एक मई से ही कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर की कीमतों में सौ रुपये की अधिक का इजाफा हो गया था। हालांकि तब घरेलू एलपीजी सिलिंडर के दाम नहीं बढ़ाए गए थे। इससे पहले अप्रैल में भी कामर्शियल एलपीजी सिलिंडर की कीमतों में 250 रुपये का इजाफा हुआ था। गौरतलब है कि इससे पहले मार्च महीने में भी घरेलू गैस सिलिंडर के दाम में बढ़ोत्तरी की गई थी। पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के बाद पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दामों में जो वृद्धि शूरू हुई थी, उसी क्रम में बीते 22 मार्च को सब्सिडी वाले घरेलू एलपीजी सिलिंडर की कीमत में 50 रुपये की वृद्धि की गई।
पेट्रोल-डीजल की कीमत स्थिर जानकारी के अनुसार पिछले पांच अप्रैल से जिले में पेट्रोल.डीजल की कीमत स्थिर है। सामान्य पेट्रोल जहां 110.85 रुपये प्रति लीटर की दर से बिक रहा है। वहीं पावर पेट्रोल 116.22 रुपये प्रति लीडर और डीजल 102.23 रुपये की दर से बिक रहा है।