महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 6 मई। आंगनबाड़ी में बच्चों के छिपकली वाले भोजन और बच्चों की तबीयत के बारे में विभाग ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को कारण बताओ नोटिस जारी किया है और मीडिया को सफाई दी है कि परोसे गए भोजन को कुछ बच्चों ने खाना प्रारम्भ किया था तथा कुछ को भोजन परोसा जा रहा था। आंगनबाड़ी की सहायिका को सब्जी परोसने के दौरान सब्जी में छिपकली दिखाई दी। जबकि ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. नारायण साहू का कहना है कि सभी 16 बच्चों के शरीर में जहरीले पदार्थ की स्थिति थी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भी कह रही हंै कि केन्द्र में खाने में छिपकली कैसे गिरी इसका पता नहीं है। बच्चों को खाना देने के बाद जब वे बीमार पड़े तो जांच में छिकपली के गिरने का पता चला। बहरहाल सभी 16 बच्चे सकुशल हैं और आज सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।
मीडिया में चल रही ख़बरों के बारे में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास समीर पाण्डे ने पीआरओ के जरिए खबर रिलीज किया है कि सरायपाली विकासखण्ड के आंगनबाड़ी केन्द्र पुटका में कल गुरूवार 5 मई को 16 बच्चे उपस्थित थे। जिन्हें शाला पूर्व प्रारम्भिक शिक्षा की गतिविधियां कराने के बाद आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका द्वारा प्रात: 9. 48 बजे आंगनबाड़ी केन्द्र में तैयार गर्म भोजन बच्चों को परोसा गया। आंगनबाड़ी केन्द्र में चावल, दाल एवं आलू-भटे की रसेदार सब्जी बनाई गई थी। जिन्हें बच्चों को परोसा गया था। परोसे गए भोजन को कुछ बच्चों ने खाना प्रारम्भ किया था तथा कुछ को भोजन परोसा जा रहा था। तभी आंगनबाड़ी की सहायिका को बच्चों को सब्जी परोसने के दौरान सब्जी में छिपकली दिखाई दी।
विभाग का यह भी कहना है कि आंगनाबड़ी कार्यकर्ता ने पालकों से सम्पर्क कर उनकी मदद से सभी बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सरायपाली में स्वास्थ्य परीक्षण के लिए भर्ती कराया। विकासखण्ड चिकित्सा अधिकारी डा. नारायण साहू एवं उनकी टीम ने सभी बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। स्वास्थ्य जांच में सभी बच्चे स्वस्थ पाए गए। किसी भी बच्चों को किसी भी प्रकार की समस्या व परेशानी नहीं है। सभी स्वस्थ हैं जिन्हें एहतियात के तौर पर चिकित्सकों द्वारा अपनी निगरानी में रखा गया है।
जबकि पालकों का कहना है कि पुटका में महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से आंगनबाड़ी केंद्र का संचालन किया जाता है। यहां गुरूवार को बच्चों को देने के लिए खाना बनाया गया था। इसके बाद बच्चों को ये खाना परोसा गया। एक-एक कर बच्चे उल्टियां करने लगे और उनकी हालत बिगडऩे लगी थी। इस पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहित परिजन घबरा गए।
सभी बच्चों को आनन-फ ानन में अस्पताल लाया गया, जहां सभी बच्चों को भर्ती कर लिया गया। खाने की जांच करने पर उसमें छिपकली पड़ी मिली। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मुताबिक केन्द्र में सफाई का पूरा ध्यान रखते हैं। छिपकली कैसे गिरी इसका पता नहीं है। बच्चों को खाना देने के बाद जब वे बीमार पड़े तो जांच में छिकपली के गिरने का पता चला।