महासमुन्द

सज-धज कर बिकने पहुंचे गुड्डे-गुडिय़े की शादी रविवार से बारात परघनी, टिकावन, कन्यादान, फेरे के बाद दुल्हन की विदाई अक्ती को
30-Apr-2022 5:57 PM
सज-धज कर बिकने पहुंचे गुड्डे-गुडिय़े की शादी रविवार से बारात परघनी, टिकावन, कन्यादान, फेरे के बाद दुल्हन की विदाई अक्ती को

बीते दो सालों में गुड्डे गुडिय़े बनाने वाले कुम्हारों को कोरोना के कारण काफी नुकसान हुआ था

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 30 अप्रैल। प्रदेश में अक्ती बनाम अक्षय तृतीया का त्यौहार 3 मई को है लिहाजा महासमुंद के बाजार में मिट्टी के गुड्डे गुडिय़े सज-धज कर बिकने तैयार है। इसे छत्तीसगढ़ी में पुतरा-पुतरी कहते हैं। बीते दो सालों में गुड्डे गुडिय़े बनाने वाले कुम्हारों को कोविड के कारण काफी नुकसान हुआ था। उनके  बनाए गुड्डे गुडिय़े की खरीददारी नहीं हुई थी। इसीलिए इस साल लोग जमकर इनकी खरीददारी कर रहे हैं। ग्राहक इन्हें आज या कल में खरीदकर अपने घर ले जाएंगे। इनकी कीमत 50-50 रुपए प्रति जोड़ा है।

पुतरा-पुतरी के विवाह के लिए कल एक मई को तेलमाटी चुलमाटी की परंपरा के साथ इनके मंडप बनेंगे। दूसरे दिन 2 अप्रैल को मायन का कार्यक्रम होगा और तीन मई को बाजे गाजे के साथ दूल्हे की बारात दुल्हन के घर पहुंचेगी। इसी दिन दुल्हन के घर बारात परघनी, टिकावन, कन्यादान और फेरे के बाद दुल्हन की विदाई कर दी जाएगी। हालांकि यह त्यौहार बच्चों का है लेकिन सारे रस्मों में बड़े भी शामिल होते हैं। हकाकीत की शादी की तरह घरों में मंडप छाते हैं, छोटे- छोटे पररा-बिजना और मौरी सही के होते हैं। हल्दी तेल चढ़ाने उतारने से लेकर विदाई तक नियम सब कुछ हकीकत की शादी की तरह होते हैं।

इस शादी में वर-वधु का घर आसपास ही होता है-कहीं-कहीं पर तो के एक ही आंगन के अलग-अलग छोर पर दोनों के मंडप बना दिए जाते हैं। शादी का निमंत्रण पड़ोस के लोगों को दिया जाता है। बच्चे और बड़े आपस में पैसे एकत्र कर भोज का आयेेजन भी करते हैं। बहुत से लोग बाजे-गाजे की व्यवस्था भी करते हैं।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में अक्ती के दिन ही साल भर के लिए किसानों के घर नौकरी करने के लिए अनुबंधित पुराना नौकर कार्यमुक्त होता है। नौकर के बदले यहां उसे कमिया, बइला चरवाहा या फिर हिस्सेदार के रूप में कृषक का सौंजिया कहा जाता है। सौंजिया किसान मालिक के फसल का एक हिस्सा अपने परिश्रम के बदले प्राप्त करने का अधिकारी होता है। इसी तरह पहट को उठकर पशुओं को चराने ले जाने वाला ग्वाला गांव का पहटिया कहलाता है। कपड़ों को उजलाने वाले धोबी को उजिर और बाल काटने वाले नाई को गांव वाले ठाकुर कहते हैं। ग्राम देवी-देवताओं की सेवा करने वाला ग्राम पुजारी का नाम ही बैगा है। अक्ती के दिन बैगा गांव पर सदैव कृपा बनाए रखने के लिए देवी से प्रार्थना करता है। अक्ती त्योहार के दिन कमिया अपने मालिक का खास मेहमान होता है। उसे पूरे मान-सम्मान के साथ भोजन भी खिलाता है। छत्तीसगढ़ में आज भी अधिकतर शादियां अक्ती के दिन ही होती हैं।


अन्य पोस्ट