महासमुन्द

फ्रंटलाइन और हेल्थ वर्करों को छोड़ जिले में किसी को भी नहीं लग पाई प्रिकॉशन डोज
29-Apr-2022 3:04 PM
फ्रंटलाइन और हेल्थ वर्करों को छोड़ जिले में किसी को भी नहीं लग पाई प्रिकॉशन डोज

महासमुंद, 29 अप्रैल। महासमुंद देशभर में 18 से 59 आयु वर्ग के लोगों को कोरोना के बदलते वैरिएंट से बचाने के लिए सभी को प्रिकॉशन डोज लगाने की अनुमति दी गई थी, लेकिन फ्रंटलाइन और हेल्थ वर्कर के छोड़ जिले में इस आयु वर्ग के किसी भी व्यक्ति को यह डोज नहीं लग पाई है। बताया जा रहा है कि इसका कारण टीकाकरण के लिए निजी अस्पतालों का स्वास्थ्य विभाग से अभी तक अनुबंध न होना है। जानकारी मिली है कि सरकार ने इस आयुवर्ग के लिए प्रिकॉशन बूस्टर डोज का प्रबंध सरकारी की बजाए निजी अस्पतालों से कराने का निर्णय लिया था लेकिन महासमुंद में कोई भी निजी अस्पताल इसके लिए आगे नहीं आया।

कहा जा रहा है कि इस आयु वर्ग को प्रिकॉशन डोज के लिए लगभग 400 रुपए खर्च करने होंगे। इसमें मैन्यूफैक्चरर से 225 रुपए व 5 फीसदी जीएसटी के साथ अस्पतालों को वैक्सीन खरीदनी होगी। इसके अलावा वैक्सीन लगवाने वाले से 150 रुपए अतिरिक्त सेवा शुल्क देना है। यानी टीका लगवाने वाले को कुल 386.25 रुपए खर्च करने होंगे। इस प्रिकॉशन डोज को लेकर लोगों में रुचि भी देखने को नहीं मिल रही है और प्रिकॉशन डोज लगाना अनिवार्य भी नहीं है। वर्तमान में कोरोना के केसेस कम हैं और लोगों के मन से इसके प्रति भय भी निकल गया है जिसके चलते लोग भी इसके लिए सामने नहीं आ रहे हैं। निजी अस्पतालों की मानें तो इन दिनों में लोग बूस्टर डोज लगवाने और इसके संबंध में क्वैरी करने भी अस्पताल नहीं पहुंचे हैं।

इस संबंध में जिला टीकाकरण अधिकारी डा. अरविंद गुप्ता ने बताया कि 18 प्लस के प्रिकॉशन डोज के लिए अभी तक किसी ने भी हामी नहीं भरी है। यदि वे लगाना चाहते हैं, तो उन्हें पोर्टल आईडी प्रदान कर ट्रेनिंग देंगे। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के जिला इकाई के प्रमुख डा. विमल चोपड़ा कहते हैं कि निजी अस्पतालों में शुल्क देकर प्रिकॉशन डोज लगाने के लिए लोगों में जागरूकता नहीं है। विभाग द्वारा भी इसे लेकर लोगों को प्रेरित नहीं किया गया।

हेल्थवर्कर और फ्रंटलाइन वर्कर और 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों को नि:शुल्क प्रिकॉशन डोज सरकारी अस्पतालों में लगाया जा रहा है। इन तीनों कैटेगरी के महासमुंद में 117759 का टारगेट राज्य से प्राप्त हुआ है, जिसके तहत लगभग 30 फ ीसदी लोगों को बूस्टर डोज लगाया जा चुका है। वहीं 18.59 आयु वर्ग के 564717 पात्र लोग हैं जो बूस्टर डोज लगवा सकते हैं। 16 जनवरी 2021 में पूरे देशभर में कोविड टीकाकरण की शुरुआत की गई थी। शुरुआत में निजी अस्पतालों में भी टीकाकरण शुरू किया गया था। इस दौरान सरकारी व निजी अस्पतालों में नि:शुल्क टीका लगाया जा रहा था। शुरुआती दौर में लोग सरकारी अस्पतालों से ही टीका लगवाते और सीमित लोग ही निजी अस्पतालों में जा रहे थे।

वैक्सीन की एक वायल में दस डोज रहता है। इससे कम लोगों के आने पर कई डोज बेकार हो जाती थी। वेस्टेज को देखते हुए जिले के निजी अस्पतालों ने वैक्सीनेशन बंद कर दिया।


अन्य पोस्ट