महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 21 अप्रैल। गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू कल बुधवार को महासमुंद प्रवास पर रहे। इस दौरान गृहमंत्री ने सर्किट हाउस में विभागीय अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने.अपने विभागों में और बेहतर काम करें। राज्य शासन की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करें। योजनाओं को जनजन तक पहुंचाएं। सभी निर्माण कार्यों और नवनिर्मित कामों को पूरी गुणवत्ता के साथ पूरा करें। उनकी नियमित मॉनिटरिंग भी करें। बैठक में कलेक्टर निलेश कुमार क्षीरसागर ने ज़िले में चल रही विकास और निर्माण गतिविधियों की जानकारी दी।
गृहमंत्री ने विद्युतीकृत पंपों के लंबित कनेक्शन स्वीकृति को शीघ्रता से स्वीकृत करने और ट्रांसफर क्षमता में वृद्धि करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत प्रत्येक घरों में नल कनेक्शन देने के पूर्व पंचायत स्तर पर प्रस्ताव लेने और व्यवहारिक पहलुओं पर ध्यान देने के निर्देश दिए। बैठक में गृहमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनप्रतिनिधियों की बातों को ध्यान से सुनें और उनके अनुसार काम करें। साथ ही जनप्रतिनिधियों की ओर से आए पत्र का जवाब देने भी कहा। वहीं विभाग के लंबित कार्यों को भी जल्द निराकरण के लिए कहा। इस दौरान संसदीय सचिव व विधायक विनोद चन्द्राकर, द्वारिकाधीश यादव, एसपी विवेक शुक्ला, सीईओ जिला पंचायत एस आलोक, डीएफओ पंकज राजपूत आदि मौजूद थे।