महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 17 अप्रैल। गर्मी में पेयजल की समस्या को दूर करने व ओवरहेड टैंक में पानी भरने स्थाई व्यवस्था बनाने पालिका इस साल 16 लाख रुपए खर्च करेगी। इसके लिए पालिका ने तैयारियां कर ली हैं, वहीं टेंडर भी जारी किया जा रहा है। यह राशि पालिका को जल शक्ति निवारण मद में शासन से मिली है। ग्रीष्मकाल में पेयजल व निस्तारी की समस्या से शहरवासी परेशान न हो इसके लिए सरकार पालिका को हर साल 15 से 20 लाख रुपए देती है। यह राशि पालिका को मिल गई है। इससे पालिका पेयजल व निस्तारी की समस्याओं को दूर करेगी।
शहरवासियों को पानी की किल्लत न हो, इसके पालिका मार्च से ही लोगों को तीन टाइम पानी दे रही है।
पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर के मुताबिक स्थाई व्यवस्था नहीं होने के कारण शहरवासियों को किसी भी समय पानी की किल्लत से जूझना पड़ सकता है। इसी व्यवस्था को दुरुस्त करने पालिका ने योजना बनाई है। उनका कहना है कि पानी सप्लाई के लिए व्यवस्था दुरुस्त है, लेकिन ओवरहेड टंकियों को भरने के लिए फिल्टर प्लांट के अलावा कोई दूसरा माध्यम नहीं है। इस बार जल शक्ति निवारण के लिए प्राप्त राशि से शहर के ओवरहेड टैंकों को भरने के लिए व्यवस्था की जाएगी, ताकि फिल्टर प्लांट में खराबी आए तो नई व्यवस्था से टंकियों में पानी भरा जा सके और इसकी सप्लाई शहरवासियों को की जाए और उन्हें पानी की किल्लत न हो।
मालूम हो कि गर्मी से निपटने शहर में पालिका 15 मार्च के बाद से तीन टाइम पानी दे रही है। सुबह, दोपहर व शाम को पानी की सप्लाई होती है। राज्य की यह पहली पालिका है, जो नागरिकों को तीन टाइम पानी दे रही है।
पालिकाध्यक्ष ने बताया कि ओवरहेड टंकियों में पानी भरने के लिए आसपास बोर कराया जाएगा। इसके अलावा ऐसे वार्ड, जहां पानी की किल्लत हो रही है और वार्डवासी परेशान हैं, उन वार्डों में भी बोर कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि पूरे शहर में करीब 17 जगहों पर बोर कराया जाएगा। जगह चिह्नांकन के लिए निर्देशित कर दिया गया है। आने वाले दिनों में बोर खनन का कार्य शुरू हो जाएगा। उन्होंने बताया कि दो से तीन टेंडर जारी हो गए हैं। जल्द ही शेष जगहों के लिए भी टेंडर जारी किया जाएगा।
शहर में फिल्टर प्लांट के भरोसे ही पानी की सप्लाई हो रही है। यदि इस इंटकवेल, फिल्टर प्लांट, विद्युत या राइजिंग पाइप लाइन में फाल्ट आती है, तो शहरवासियों को पानी की सप्लाई नहीं हो पाएगी। क्योंकि ओवरहेड टंकियों को भरने के लिए अन्य व्यवस्था ही नहीं है। जानकारी अनुसार नयापारा स्थित ओवरहैड टैंक की क्षमता साढ़े चार लाख लीटर, अटल आवास साढ़े 6 लाख, क्लबपारा नेहरू चौक साढ़े 6 लाख, मौंहारीभांठा साढ़े 6 लाख, रावणभांठा साढ़े 6 लाख, बस स्टैंड साढ़े 6 लाख व पिटियाझर की क्षमता साढ़े 4 लाख लीटर है। शहर में करीब 9 हजार नल कनेक्शन पालिका ने दिया है। इसके माध्यम से पानी की सप्लाई होती है। वर्तमान में इस टंकियों में महानदी के पानी को फिल्टर कर भरा जाता है। इसके लिए पालिका ने 11 करोड़ रुपए खर्च किए हैं।
महानदी से लेकर सभी वार्डों में नई पाइपलाइन का बिछाई है। इसी के माध्यम से पानी भर रहे है और सप्लाई हो रही है।