महासमुन्द
जिले की 12 समितियों में अभी भी पड़ा हुआ है 16 हजार क्विंटल धान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 13 अप्रैल। धान उपार्जन समिति से धान का उठाव निर्धारित समय-सीमा तक शत-प्रतिशत नहीं हो पाया है। वहीं निर्धारित सीमा बीते एक माह होने वाला है, लेकिन अभी तक 16 हजार क्विंटल धान का उठाव नहीं पाया है। ये धान अभी भी समितियों में रखा है। जिला विपणन विभाग के आकड़ों पर यदि नजर डालें तो 12 ऐसे समितियां हैं जहां धान अभी भी पड़ा हुआ है। इस धान का उठाव कब होगा तय नहीं है। उठाव के संबंध में जिला विपणन अधिकारी जयदेव सोनी का कहना है कि जिले के मिलर्स द्वारा उठाव शत-प्रतिशत हो गया है। शेष बचे धान का उठाव अन्य जिले के मिलर्स कर रहे हैं। ये मिलर्स ही उठाव में लेट लतीफी कर रहे हैं इसके कारण धान समितियों में रह गया है।
अब इस धान का उठाव जिले के मिलर्स करेंगे। अन्य जिले को जारी डीओ कैंसल कर स्थानीय मिलर्स को उठाव के लिए डीओ जारी करेंगे। इसका भी उठाव आने वाले सप्ताह में पूरा हो जाएगा।
मिली जानकारी के अनुसार 16 हजार क्विंटल धान अभी उठाव के लिए शेष है। ये धान महासमुंद शाखा के नवागांव, झपल के बावनकेरा, चौकबेड़ा, पटैवा, पिथौरा के बरेकेल, बेल्डीह, सांकरा के बेल्दीडीह, सल्डीह, सिरकोए बसना के बिछिया आदि में पड़ा है। अन्य समितियों से धान का उठाव कर ट्रंसपोर्टर संग्रहण केंद्रों के लिए किया गया है। चार संग्रहण केंद्रों में अभी धान रखा हुआ है, लेकिन बागबाहरा संग्रहण केंद्र के धान का उठाव मिलर्स ने शत प्रतिशत कर लिया है।
मालूम हो कि इस साल लक्ष्य से कम की धान खरीदी हुई है। जिले को 80 से 85 लाख क्विंटल खरीदी का लक्ष्य मिला था, लेकिन 77 लाख 41 हजार क्विंटल ही धान की खरीदी हुई है। विभाग का कहना है कि उत्पादन में कमी आई थी, इसके कारण लक्ष्य से कम की खरीदी हुई है। लगभग सभी समितियों में उठाव शत-प्रतिशत हो गया है। 12 समिति ही शेष हैं, लेकिन इसमें भी मात्र 2 से 3 प्रतिशत ही धान शेष है। उठाव के बाद समितियों में धान का मिलान श़ुरू हो गया है।