महासमुन्द

चार स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में दाखिले के लिए प्रक्रिया 5 से
03-Apr-2022 6:00 PM
चार स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में दाखिले के लिए प्रक्रिया 5 से

अधिक फॉर्म आने पर निकाली जाएगी लॉटरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 3 अप्रैल। जिले के चार स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में दाखिले के लिए प्रक्रिया 5 अप्रैल से शुरू होगी। प्रवेश प्रक्रिया के लिए लोक शिक्षण संचालनालय के संचालक ने आदेश जारी कर दिया है। इसमें ऑनलाइन आवेदन 5 अप्रैल से मंगाए जा रहे हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 30 अप्रैल निर्धारित है। कक्षा पहली में 40 सीट है, यदि 40 से अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं, तो स्कूलों में बच्चों का प्रवेश लॉटरी सिस्टम से होगा।

लॉटरी के बाद जिन्हें सीट मिलेगी, उन्हें 5 से 10 मई तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने का अवसर दिया जाएगा। सत्र 2022- 23 में इस बार नए हिंदी उत्कृष्ठ विद्यालय खुले हैं। इसके लिए भी आवेदन मंगाए गए हैं। इधर, आरटीई के तहत भी गरीब पालक अपने बच्चों का निजी अंग्रेजी स्कूल में प्रवेश के लिए आवेदन कर रहे हैं। जिला शिक्षा अधिकारी सौरिन चंद्रसेन ने बताया कि स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ठ विद्यालयों में प्रवेश के लिए दिशा-निर्देश प्राप्त हो गया है। 5 अप्रैल से ऑनलाइन आवेदन मंगाए जाएंगे।

लोक शिक्षण संचालनालय के नियमानुसार प्रत्येक कक्षा में रिक्त सींटों पर प्राप्त आवेदनों में से 50 फीसदी बालिकाओं को दाखिला मिलेगा, जो सीट बचेगी उसमें ही दूसरों को प्रवेश दिया जाएगा। पहली कक्षा में प्रवेश के लिए बच्चों को 31 मई की स्थिति में पांच साल छह महीने से छ साल छह महीने के बीच होना अनिवार्य है। वहीं 25 प्रतिशत सीटों पर बीपीएल एवं आर्थिक रूप से कमजोर पालकों के बच्चों को प्रवेश दिया जाएगा। मुख्यमंत्री दुलार योजना के अंतर्गत कोरोना महामारी के कारण अनाथ हुए बच्चों को विशेष प्राथमिकता से प्रवेश दिया जाएगा। एडमिशन के लिए आवेदन पत्र के साथ पालक का मृत्यु प्रमाण.पत्र संलग्न किया जाना अनिवार्य है।

 


अन्य पोस्ट