महासमुन्द
नेता प्रतिपक्ष ने जताया दुख, कहा प्रदेश में पुलिस ही सुरक्षित नहीं है
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 मार्च। बीती रात नारकोटिक्स सेल में पदस्थ एएसआई विकास शर्मा पर अज्ञात लोगों ने प्राणघातक वार किया। इस दौरान विकास शर्मा दो शराबियों के झगड़े में बीचबचाव करने गए थे। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने एएसआई विकास शर्मा की हत्या पर दुख जताया है।
महासमुंद एसपी विवेक शुक्ला ने बताया कि शनिवार रात साढ़े आठ बजे वे अपने घर के पास टहल रहे थे। तभी कुछ लोग शराब के नशे में आपस में विवाद कर रहे थे। उनका बीचबचाव करते अज्ञात लोगों ने एएसआई पर प्राणघातक वार किया, जिससे विकास शर्मा गिर पड़े, बेहोशी की हालत में लोगों ने उन्हें पास के ही निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। डॉ. विमल चोपड़ा ने रात सवा 11 बजे उनके निधन की पुष्टि की।
गौरतलब है कि महासमुंद निवासी 41 वर्षीय विकास शर्मा छात्र जीवन से बॉक्सिंग के खिलाड़ी रहे। उन्होंने अपने बेहतर खेल से कई मेडल अपने नाम किया। पुलिस विभाग में आरक्षक के रूप में भर्ती पर प्रशिक्षण केंद्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन से उन्हें प्रधान आरक्षक की पदोन्नति मिली। बाद से वे क्राइम ब्रांच, साइबर सेल में सेवा देते रहे। जिले में शराबबंदी की मुहिम में भी उनका नाम लोग बहुत इज्जत से लेते हैं। वैसे विकास शर्मा को सांपों के बारे में काफी अच्छी जानकारी दी। वे जहरीले सांपों को पकडक़र जंगल झाडिय़ों में छोड़ आते थे।
नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने एएसआई विकास शर्मा के हत्या के मामले में दुख जताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जब पुलिस ही सुरक्षित नहीं है तो आमजन की चिंता कौन करेगा? यही है क्या नवा छत्तीसगढ़, जहां अपराधियों का मनोबल लगातार मजबूत हो रहा है। इस मामले की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए ताकि पीडि़त परिवार को न्याय मिल सके।