महासमुन्द
महासमुंद, 12 मार्च। जिले की पटेवा पुलिस ने ओडिशा के कटक इलाके के ग्राम आमपाली से 17 वर्षीय बालिका को सकुशल बरामद किया है। पुलिस ने बालिका को उनके परिजनों को सौंप दिया है। आरोपी ग्राम अमेठी थाना छुरा जिला गरियाबंद निवासी भोजराम मेहर पिता चुड़ावन मेहर 19 साल को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मालूम हो कि पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला ने जिले के समस्त थाना व चौकी प्रभारियों को गुम एवं अपहृत बच्चों का पता तलाश के लिए विशेष अभियान चलाकर अधिक से अधिक बालक, बालिकाओं को ढूंढने के लिए निर्देशित किया है।
पटेवा पुलिस के अनुसार नाबालिग के परिजनों ने 19 जनवरी शाम 4 बजे पटेवा थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए अपहरण का मामला दर्ज कर पतासाजी में जुट गई थी। इसी दौरान साइबर सेल की टीम के जरिए जानकारी मिली की नाबालिग ओडिशा के मीरा ईट भ_ा के पास ग्राम आमपाली में है। इसके बाद टीम शुक्रवार को उक्त स्थान पर पहुंची और भोजराम मेहर को पकड़ा और उसके कब्जे से नाबालिग अपहृता बालिका को सकुशल बरामद किया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमारी चंद्राकर व उनकी टीम शामिल थी।