महासमुन्द

नए सत्र में एनएमसी के निरीक्षण के लिए मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने तैयारियां पूरी कर ली, लेकिन सबसे बड़ी खामी कि यहां डीन नहीं
08-Mar-2022 2:38 PM
नए सत्र में एनएमसी के निरीक्षण के लिए मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने तैयारियां पूरी कर ली, लेकिन सबसे बड़ी खामी कि यहां डीन नहीं

पिछले साल इन्हीं कमियों के कारण रुक गई थी मान्यता

डीन का प्रभार वर्तमान में अस्पताल अक्षीक्षक डॉ.संतोष सोनकर को अस्थाई तौर पर दिया गया है

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 मार्च।
शिक्षण सत्र 2022-23 के लिए शासकीय मेडिकल कॉलेज महासमुंद के निरीक्षण की सुगबुगाहट एक बार फिर से शुरू हो चुकी है। चर्चा है कि नेशनल मेडिकल काउंसिल की टीम एक बार फिर से मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण करने वाली है, इसके लिए टीम कभी भी महासमुंद आ सकती है। जानकारी अनुसार एनएमसी की टीम ने हाल ही में कोरबा मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया है। कल सोमवार को टीम महासमुंद आने वाली थी, लेकिन किन्हीं कारणों से नहीं पहुंची। वैसे नए सत्र में एनएमसी के निरीक्षण को देखते हुए मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने तैयारियां तो पूरी कर ली है। लेकिन एक बड़ी खामी यह है कि इस वक्त यहां डीन नहीं है।

मालूम हो कि पिछले सत्र 2021-22 में एनएमसी टीम के मुख्य इंस्पैक्शन के दौरान एनाटॉमी विभाग की विभागाध्यक्ष की गैर मौजूदगी ही मान्यता नहीं मिलने का प्रमुख कारण बनी थी। इस सत्र में भी यही परिस्थिति निर्मित हो रही है और इस बार मेडिकल कॉलेज में डीन का नहीं होना प्रमुख कारण बन सकता है। यहां डॉ. पीके निगम को डीन बनाया गया था। लेकिन हाल ही में 16 फरवरी को उन्होंने वीआरएस ले लिया। डीन का प्रभार वर्तमान में अस्पताल अक्षीक्षक डॉ.संतोष सोनकर को अस्थाई तौर पर दिया गया है।

विभागीय सूूत्रों के अनुसार यहां व्यवस्था में अब भी 2-3 फीसदी कमी है लेकिन यह कोई बड़ी बात नहीं है। क्योंकि एनाटॉमी, बायोकेमिस्ट्री और फिजियोलॉजी जैसे प्रमुख विभाग के विभागाध्यक्ष नियुक्त हो चुके हैं। किसी भी मेडिकल कॉलेज के लिए ये सबसे जरूरी होता है। बरोंडा बाजार में लाइवलीहुड कॉलेज को गल्र्स व ब्वॉयज हॉस्टल के रूप में डेवलप किया जा चुका है। मेडिकल कॉलेज कैंपस में दो 100-100 सीटर लैक्चर हॉल तैयार हैं। लैब में कुछ नई मशीनें मंगाई गई हैं और कुछ आ भी गईं हैं। साथ ही सेंट्रल क्लीनिकल लैब निर्माणाधीन है। इसके साथ ही लाइवलीहुड कॉलेज में एक 70 सीटर हॉल व एक 30 सीटर एग्जामिनेशन हॉल बनाया गया है। फर्नीचर व अन्य संसाधन की कमी जिला पंचायत व अन्य मदों से दूर कर ली गई है। इसमें डीएमएफ व विधायक निधि मद से 17 कम्प्यूटर लाइब्रेरी के लिए मिल चुका है।

गौरतलब है कि पिछले सत्र में एनएमसी की टीम ने 23-24 अगस्त को भौतिक रूप से मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया था। इस दौरान जो भी कमियां पाई गईं थीं, उसे दूर करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद टीम ने 13 अक्टूबर को ऑनलाइन माध्यम से निरीक्षण किया था। इस दौरान एनाटॉमी विभाग की प्रमुख गायब रहीं। इसके अलावा फर्नीचर, लैब सहित अन्य इक्वीपमेंट की कमियों के चलते 29 अक्टूबर को नेशनल मेडिकल काउंसिल ने मान्यता देने से इंकार कर दिया था।


अन्य पोस्ट