महासमुन्द

10वीं-12वीं की 2 मार्च से, गोपनीय सामग्रियों की पहली खेप मेंपहुंची 61 हजार उत्तर पुस्तिकाओं का बंडल
17-Feb-2022 6:21 PM
10वीं-12वीं की 2 मार्च से, गोपनीय सामग्रियों की पहली खेप मेंपहुंची 61 हजार उत्तर पुस्तिकाओं का बंडल

प्रश्न-पत्र भी जल्द ही समन्वय केंद्र पहुंचेंगे, परीक्षा को लेकर स्ट्रांग रूम पहले से तैयार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 17 फरवरी। इस साल 10वीं व 12वीं की बोर्ड परीक्षा 2 मार्च से शुरू होगी। परीक्षा को लेकर छत्तीसगढ़ माध्यमिक मंडल की ओर से तैयारियां शुरू हो गई हैं। उत्तरपुस्तिकाओं को जिला समन्वय केंद्र भेजने का सिलसिला मंडल ने शुरू भी कर दिया है। इसी क्रम में कल बुधवार को महासमुंद के जिला समन्वय केंद्र में भी माध्यमिक शिक्षा मंडल ने उत्तरपुस्तिकाओं का बंडल भेजा। मालूम हो कि बोर्ड परीक्षा शुरू होने में मात्र 13 दिन ही शेष हैं। उत्तरपुस्तिका आने के बाद अब कुछ ही दिन में बोर्ड परीक्षाओं की गोपनीय सामग्री व प्रश्न.पत्र भी जल्द ही समन्वय केंद्र पहुंचेंगे। परीक्षा को लेकर स्ट्रांग रूम पहले से तैयार है।

जिला समन्वय केंद्र प्रभारी हेमेंद्र आचार्य ने बताया कि उत्तरपुस्तिकाओं का आना शुरू हो गया है। पहली खेप उतर गई है। दूसरी खेप भी जल्द पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि विगत वर्ष 10वीं की उत्तर पुस्तिकाएं बचीं हुई हैं, लेकिन मंडल ने इसका उपयोग करने को लेकर अभी तक कोई भी निर्देश नहीं दिया है। जिला मुख्यालय स्थित आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बोर्ड परीक्षा का समन्वय केंद्र है। यहीं से परीक्षाओं का गोपनीय सामग्री का वितरण होता है और वापस यहीं जमा होता है। स्ट्रांग रूम भी इसे ही बनाया गया है। समन्वय केंद्र में उत्तरपुस्तिका का आना शुरू हो गया है। पहली खेप में 61 हजार उत्तरपुस्तिकाओं का बंडल यहां पहुंचा है। बताया जा रहा है कि अभी उत्तर पुस्तिका का बंडल और आएगा। इसके बाद प्रश्न-पत्र व गोपनीय सामग्री पहुंचेगी।

मालूम हो कि कोविड के कारण इस साल प्री.बार्ड परीक्षा का आयोजन नहीं हो पाया है। ऑफलाइन पढ़ाई भी शत.प्रतिशत क्षमता के साथ नवंबर महीने से शुरू हुई थी। जनवरी में फिर से सप्ताहभर के लिए स्कूल बंद हो गया था। इसके कारण प्री.बोर्ड परीक्षा नहीं हो पाई। लेकिन शिक्षा विभाग विद्यार्थियों की ओर ध्यान देते हुए बेस लाइन प्रश्नों के साथ बोर्ड परीक्षा की तैयारी करा है। बेस लाइन प्रश्नों को हल करने से बच्चों की कमियों को दूर किया जा सकता हैं। हालांकि परीक्षा अब महज 13 दिन ही शेष रह गए हैं। जिले में इस वर्ष बोर्ड परीक्षा में कुल 26433 हजार विद्यार्थी परीक्षा देंगे। इसमें 10वीं कक्षा में 15081 और 12वीं कक्षा में कुल 11352 परीक्षार्थी शामिल होंगे।

 


अन्य पोस्ट