महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 12 फरवरी। छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स, कैट व्यापार महासंघ सरायपाली व महासमुंद चेंबर के प्रतिनिधि मंडल ने कलेक्टर से मुलाकात कर सरायपाली टीआई को हटाने की मांग की है। शुक्रवार को कलेक्टोरेट पहुंचे प्रतिनिधि मंडल ने कलेक्टर निलेश कुमार क्षीरसागर को बताया कि सरायपाली में पुलिस की मनमानी व भय पैदा करने वाली कार्रवाई को लेकर व्यापारियों में आक्रोश है। सरायपाली टीआई छोटी.छोटी बातों को लेकर व्यापारियों को दिन भर या रात भर थाने में बिठाकर रखते हैं, जो व्यापारियों के खिलाफ पूर्वाग्रह की तरह नजर आता है।
व्यापारियों ने कलेक्टर को बताया कि 4 फरवरी की रात को 3 युवा व्यापारी अग्रसेन चौक के पास एक दुकान के सामने बैठकर चर्चा कर रहे थे। तभी टीआई आए और तीनों को उठाकर थाने ले गए। तीनों को रातभर थाने में बिठाए रखा गया और सुबह छोड़ा गया। इसी प्रकार बस स्टैंड स्थित होटल व्यवसायी ने कलेक्टर को बताया कि पुलिस अधिकारी द्वारा बदसलूकी की जाती है। इस अवसर पर कैट नगर इकाई अध्यक्ष मदन लाल अग्रवाल, व्यापारी महासंघ अध्यक्ष सुशील जैन, छग चेंबर नगर इकाई अध्यक्ष अवधेश अग्रवाल, होटल व्यवसायी संघ से मोहन शर्मा, महासमुंद छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के जितेन्द्र चंद्राकर व गुमान जैन प्रतिनिधि मंडल में शामिल थे। सरायपाली टीआई आशीष वासनिक का इस मामले में कहना है कि नाइट कफ्र्यू के दौरान तीनों मुख्य चौक में गाड़ी खड़ी कर बैठे थे। समझाइश को भी अनसुना कर दिया था।