महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 फरवरी। जिले में गुरूवार को 690 कोरोना सैंपलों की जांच की गई। जिसमें से 87 नए संक्रमितों की पहचान हुई है। वहीं गुरूवार को ही एक संक्रमित की मौत भी हुई। जानकारी के अनुसार मृतक महासमुंद निवासी था। जिसकी उम्र करीब 40 साल थी। मृतक का इलाज कुछ समय से राजधानी के एक निजी अस्पताल में किया जा रहा था। जहां गुरूवार को उसने अंतिम सांसें ली। तीसरी लहर में यह अब तक की पांचवीं मौत है।
गुरूवार को मिले संक्रमितों में सर्वाधिक संख्या बसना और पिथौरा की है। बसना ब्लॉक में 23 संक्रमितों की पहचान हुई है। वहीं पिथौरा ब्लॉक में 22, महासमुंद में 19, बाहबाहरा में 16 और 7 संक्रमित सरायपाली ब्लॉक में मिले हैं। कल गुरूवार को 193 आरटीपीसीआर जांच की गई। जिसमें 65 संक्रमित मिले। वहीं ट्रूनाट के 55 जांच में 12 संक्रमित और रैपिड एंटीजन के 442 जांच में 10 संक्रमितों की पुष्टि हुई। बीते 24 घंटे में 62 संक्रमित स्वस्थ भी हुए हैं। जिले में अब तक कुल 32766 लोग कोरोना से संक्रमित हुए हैं और 31874 स्वस्थ हो चुके। 372 लोगों को कोरोना से मौत हुई है। वर्तमान में 520 कोरोना के एक्टिव केस हैं।
जिले के 520 कोरोना मरीजों में से सिर्फ तीन का ही इलाज महासमुंद जिले के अस्पताल में चल रहा है। बाकी के मरीजों में हल्के लक्षण होने के कारण घर पर ही आइसोलेशन पर उपचार किया जा रहा है। वहीं जिला चिकित्सालय के कोविड अस्पताल में वर्तमान समय में 78 बेड रिक्त ही हैं। कोरोना जांच दल अधिकारी डॉण् छत्रपाल चंद्राकर ने बताया कि गुरूवार को एक मौत हुई है। नए संक्रमितों के मिलने के बाद उनकी कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग और जांच बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है।