महासमुन्द

कोरोना संक्रमित वृद्ध की मौत, 29 नए मरीजों की पहचान
01-Feb-2022 4:18 PM
कोरोना संक्रमित वृद्ध की मौत, 29 नए मरीजों की पहचान

छत्तीसगढ़ संवाददाता
महासमुंद, 1 फरवरी ।
जिले में सोमवार को कोरोना संक्रमित एक वृद्ध की मौत हुई है और 29 नए मरीजों की पहचान भी हुई है, वहीं 46 मरीजों ने कोरोना को हराया भी है।  सोमवार को कुल 694 कोरोना सैंपल की जांच की गई, जिसमें से 29 नए संक्रमित मिले हैं। नए संक्रमितों में बच्चे, युवा और वृद्ध सभी आयु वर्ग के लोग शामिल हैं। कल सोमवार को महासमुंद के जिला अस्पताल के डेडिकेटेड कोविड वार्ड में ही वृद्ध की मृत्यु हुई है। जिसका पिछले तीन दिनों से अस्पताल में ही इलाज चल रहा था। मृतक जिला मुख्यालय का ही निवासी है और 60 वर्ष से अधिक आयु का था। वृद्ध पहले से काफी कमजोर था। जिसके कारण कोरोना संक्रमण प्रभावी हुआ और उनकी मौत हुई।

मालूम हो कि इसी जनवरी माह में कोरोना से यह तीसरी मौत है। तीन मौतों में से दो मौतें वरिष्ठ आयु के लोगों की हुई है। जबकि तीसरी मौत 36 वर्षीय युवक की हुई है। अब तक जिले में कुल 370 मौतें कोरोना संक्रमण के चलते हुई हैं। इससे पहले साल 2021 नवंबर के पहले सप्ताह में ही एक संक्रमित की मौत हुई थी जिसके बाद जनवरी 2022 से तीसरी लहर के तहत तीन और मौतें हुईं।

जनवरी मध्य में जांच का आंकड़ा हजार पार ही रहा है लेकिन पिछले कुछ दिनों में यह आंकड़ा 600-700 के आस-पास सिमट गया है। इन दिनों कम संक्रमितों की पहचान हो रही है। कल सोमवार को कुल 694 सैंपल की जांच की थी। जिसमें 170 आरटीपीसीआर, 68 ट्रू नाट व 456 रैपिड एंटीजन टेस्ट किया गया। इससे पहले रविवार को 472 टेस्ट ही हुआ था। सोमवार को मिले संक्रमितों में महासमुंद ब्लॉक के 13, बागबाहरा के 4, पिथौरा के 2, बसना के 7 और सरायपाली ब्लॉक के 3 संक्रमित हैं।
 


अन्य पोस्ट