महासमुन्द

मामा और भाई पर पैतृक जमीन को फ र्जी तरीके से बेचने का आरोप, पांच पर जुर्म दर्ज, 4 हिरासत में
17-Nov-2021 3:55 PM
 मामा और भाई पर पैतृक जमीन को फ र्जी तरीके से बेचने का आरोप, पांच पर जुर्म दर्ज, 4 हिरासत में

 भांजी ने की थी एसपी से लिखित शिकायत
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
महासमुंद,17  नवंबर।
भांजी ने अपने सगे मामा और भाई पर पैतृक जमीन को फर्जी तरीके से बेचने का आरोप लगाते हुए एसपी से लिखित शिकायत की है। पुलिस ने मामले में जांच के बाद पांच लोगों के खिलाफ  जुर्म दर्ज कर चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। एक की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। मामला पिथौरा थाना क्षेत्र का है।

 इस मामले में रायपुर सत्तीबाजार निवासी किरण सिन्हा ने पुलिस को बताया है कि उनकी पैतृक संपत्ति ग्राम पटपरपाली ब्लॉक एवं तहसील पिथौरा में स्थित है। उक्त पैतृक संपत्ति उनके और छोटे भाई पंकज सिन्हा के संयुक्त नाम से भू-अधिकार पुस्तिका में दर्ज है। उक्त जमीन पिथौरा निवासी भिथीडीह निवासी मामा शोभाराम सिन्हा की देखरेख में है, जिससे हर साल गुजर बसर के लायक रुपये एवं अनाज मिल जाता था। कोरोनाकाल में लॉकडाउन का फायदा उठाकर मामा शोभाराम ने मेरे भाई पंकज सिन्हा को प्रलोभन देकर फर्जी दस्तावेज बनाकर उक्त संपत्ति को बेच दी, ऐसी जानकारी उन्हें प्राप्त हुई है।

जानकारी के मुताबिक उक्त संपत्ति को मामा ने भिथीडीह निवासी अपनी बहू नीलम सिन्हा, पति ललीत सिन्हा को खरीदवाई। किरण ने बताया कि उक्त संपत्ति न तो उन्होंने विक्रय की है और न ही अपने भाई को सहमति प्रदान की है और न ही संपत्ति बेचने किसी को मुख्तियार नियुक्त किया है।

पुलिस ने मामले में आरोपित पंकज सिन्हा, नंदिता जामुलकर, नीलम सिन्हा, चुड़ामणी यादव और तिलकराम साहू के खिलाफ  धोखाधड़ी का जुर्म दर्ज कर इनमें से चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी की गिरफ्तारी बाकी है।
 

 


अन्य पोस्ट