महासमुन्द
महासमुंद, 1 सितम्बर। भाजयुमो जिलाध्यक्ष जसराज बाला चंद्राकर के नेतृत्व में मंगलवार को युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने बिजली कटौती की समस्या को लेकर विद्युत विभाग अधीक्षक अभियंता के कार्यालय जाकर समाधान के लिए ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान भाजयुमो जिलाध्यक्ष जसराज चंद्राकर ने बताया कि जिले में अल्प वर्षा के कारण अकाल की स्थिति बनी हुई है। किसानों को अपनी फसल बचाने के लिए नलकूप के भरोसे सिंचाई करना पड़ रहा है, लेकिन महासमुंद जिले में लगातार विद्युत कटौती की समस्या के कारण सिंचाई भी नहीं हो पा रही है, वहीं जंगल क्षेत्र में विद्युत तार के माध्यम से लगातार जंगली जानवरों का शिकार किया जा रहा है। जिसके चलते ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार कटौती हो रही है। यदि विद्युत कटौती की समस्या को दूर नहीं किया गया तो युवा मोर्चा द्वारा किसानों के हित में धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
इस दौरान जिला महामंत्री दिनेश रूपरेला, जिला उपाध्यक्ष आनंद साहू, पूनम चंद्राकर, मंडल अध्यक्ष नंदू जलक्षत्री, महामंत्री अमन वर्मा, कादर राजपूत, जतिन रूपरेला, कुशाल ठाकुर, लकी चंद्राकर व विनय ठाकुर के साथ अन्य मौजूद रहे।


