महासमुन्द
3 अलग-अलग मकान में भी चोरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 अगस्त। घर का दरवाजा बाहर से बंद कर एक किराना व्यापारी की दुकान से नगदी समेत जेवरात की चोरी का मामला सामने आया है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम साल्हेभांठा का है। प्रार्थी मनोहर ध्रुव ने इस संबंध में शिकायत की है।
कोतवाली पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। 18 अगस्त की रात प्रार्थी का परिवार खाना खाकर सो गया। दूसरे दिन सुबह जब उसकी नींद खुली तो प्रार्थी के घर का दरवाजा बाहर से बंद था। दूसरों की मदद से प्रार्थी मनोहर ध्रुव जब बाहर निकला तो बगल से लगे उसकी दुकान से सोने का लॉकेट के साथ 8 पत्ती, 4 नग गेंहू दाना, सोने का एक जोड़ी खिनवा, पायल तीन जोड़ी, लक्ष्मी करधन 1 नग, माला चांदी, दस नग सिक्का, चांदी ऐंठी दो जोड़ी, एक जोड़ी सांटी, नगदी रकम करीब 20 हजार रुपए की चोरी हो चुकी थी।
जानकारी मिली है कि साल्हेभांठा में किराना दुकान के साथ ही तीन अलग-अलग मकान में भी चोरी की वारदात सामने आई है। जानकारी के अनुसार गांव के ही जगदीश राम ध्रुव के घर से 5 हजार, अनिल ध्रुव के घर से 5 हजार और बृजलाल ध्रुव के घर से 1 हजार रुपए की चोरी हुई है। प्रार्थी के साथ इन तीनों पीडितों ने भी मामले की शिकायत दर्ज कराई है।


