महासमुन्द
नपाध्यक्ष ने कलेक्टर को सौंपी चाबी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददात
महासमुंद,13 अगस्त। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बागबाहरा को कल कोविड सामग्रियों के साथ एम्बुलेंस की सौगात मिली। नगर पालिका अध्यक्ष हीरा सेतराम बघेल ने कलेक्टर डोमन सिंह एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एनके मंडपे को एम्बुलेंस की चाबी सौंपी। इसके साथ ही ऑक्सीजन सिलेंडर 12 नग, अग्निशामक यंत्र 5 नग, शुद्ध पेयजल हेतु आरो 1, व्हील चेयर 1, एक मोटर 2एचपी, स्टेक्चर 1 नग और 2000 लीटर की पानी टंकी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बागबाहरा को दी गई। यह सभी सामग्रियां पार्षद निधि से क्रय की गई है। इस मौके पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत आकाश छिकारा, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व राकेश कुमार गोलछा, नगर पालिका अध्यक्ष दीपक यादव सहित पार्षद और नागरिक उपस्थित थे।
कलेक्टर डोमन सिंह ने कहा कि अब सीएससी को आधुनिक एम्बुलेंस मिलने से अंचल के मरीजों को उचित इलाज के लिए लाने ले जाने में परेशानी नहीं होगी। गम्भीर अवस्था वाले मरीजों को इलाज के लिए जिला अस्पताल महासमुन्द से राजधानी रायपुर के अस्पताल तक ले जाकर उनका अच्छे से इलाज हो सकेगा।
कलेक्टर डोमन सिंह ने नगरीय क्षेत्र बागबाहरा के शत प्रतिशत् टीकाकरण के लिए नगर पालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित पार्षदगणों को शॉल, श्रीफल देकर सम्मानित किया। इस मौके पर नगर पालिका अधिकारी अमरनाथ दुबे को भी सम्मानित किया गया।
कलेक्टर ने कहा कि हर जगह विकास कार्य तो हो रहे हैं। लेकिन समाज सेवा का मौका कभी-कभी ही आता है। वैश्विक महामारी के चलते पार्षदों, समाजसेवी, व्यापारी, जनप्रतिनिधि सहित जनता ने भी इस कठिनाई के समय लोगों की सेवा और दान दिया है वाकई सभी का यह कार्य सराहनीय है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि कोरोना ने हमारी जीवन शैली में जो परिवर्तन किया है, उसके लिए हम पहले से तैयार नहीं थे और अदृश्य शत्रु से कैसे निपटना है, इसका भी कोई अनुभव नहीं था। लेकिन सभी की एकजुटता के कारण और लोगों को जागरूक करने, टीकाकरण आदि के कारण इस पर हमने फिलहाल आंशिक सफलता पा ली है। आगे हमें पूरी सावधानी बरतनी है।


