ताजा खबर

टीकाकरण की रफ्तार कम: अब तक छह करोड़ ने ली वैक्सीन, करीब आधे बुजुर्ग
29-Mar-2021 12:58 PM
टीकाकरण की रफ्तार कम: अब तक छह करोड़ ने ली वैक्सीन, करीब आधे बुजुर्ग

-Kuldeep Singh 

कोरोना के खिलाफ लोगों में हर्ड इम्युनिटी के लिए अब तक देश में छह करोड़ लोग वैक्सीन ले चुके हैं। इनमें करीब आधे बुजुर्ग हैं। स्वास्थ्यकर्मी व फ्रंटलाइन वर्कर अभी भी टीकाकरण में कम सहभागिता कर रहे हैं। वहीं देश के आठ राज्यों में सबसे ज्यादा टीका लगाया गया। बाकी राज्य अभी भी हर्ड इम्युनिटी से काफी दूर हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार, हर्ड इम्युनिटी बनने से वायरस का असर कम हो सकता है। आईसीएमआर के दो सर्वे के अनुसार देश की कुल आबादी में से करीब 7 प्रतिशत में प्रतिरोधक क्षमता विकसित हो चुकी है लेकिन अधिकांश क्षेत्रों में ऐसा नहीं है। इसीलिए टीके को बढ़ावा दिया जा रहा है। हालांकि केंद्र सरकार ने हर व्यक्ति को वैक्सीन देने की बात नहीं की है। 

देश के आठ राज्यों में ही सबसे ज्यादा लगा है वैक्सीन
बुजुर्ग और पहले से बीमार व्यक्तियों को आगामी एक अप्रैल से दूसरा डोज मिलेगा। वहीं 45 या उससे अधिक आयु के सभी के लिए टीका उपलब्ध भी होगा। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार महाराष्ट्र, राजस्थान, यूपी, गुजरात, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, एमपी व केरल में अब तक सबसे ज्यादा 60% टीकाकरण हुआ है। पिछले एक दिन में 20 लाख से भी ज्यादा लोगों ने टीका लगवाया है।

81 लाख स्वास्थ्यकर्मी ले चुके हैं वैक्सीन
16 जनवरी से शुरू टीकाकरण में अब तक 6.02 करोड़ लोग वैक्सीन ले चुके हैं। इनमें 2.77 करोड़ से ज्यादा की आयु 60 या उससे अधिक है। वहीं 96 में से अब तक 81 लाख स्वास्थ्य कर्मचारी ही टीका ले पाए हैं। इनमें से भी 51 लाख ने दूसरी डोज ली है। करीब दो करोड़ फ्रंटलाइन वर्करों में से अब तक 88.90 लाख ने वैक्सीन लिया है, इनमें से 36.52 लाख ने दूसरी खुराक ली है। अब तक अभी तक 51.75 लाख स्वास्थ्यकर्मी और 36.52 लाख फ्रंटलाइन वर्कर ही टीका ले पाए हैं। इन दोनों को मिलाकर लेने वालों की संख्या तीन करोड़ है।


अन्य पोस्ट