ताजा खबर

भारत वर्ष 2025 तक टीबी मुक्त होगा : अश्विनी चौबे
27-Mar-2021 7:51 AM
भारत वर्ष 2025 तक टीबी मुक्त होगा : अश्विनी चौबे

पटना, 26 मार्च| केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने शुक्रवार को कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने वर्ष 2030 तक दुनिया को टीबी मुक्त करने का लक्ष्य तय किया है, जबकि हमारे प्रधानमंत्री ने 2025 तक ही भारत को टीबी मुक्त बनाने का संकल्प लिया है।

उन्होंने दावा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के संकल्प के अनुरूप ही देश निर्धारित समय सीमा में टीबी मुक्त हो जाएगा।

केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री चौबे स्वास्थ्य व परिवार कल्याण और जनजातीय मंत्रालय द्वारा 'टीबी पहल-जनजातीय स्वास्थ्य सहयोग' अभियान को पटना से वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि टीबीमुक्त भारत बनाने के लिए स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय कटिबद्घ है।

उन्होंने कहा, "इस बीमारी के इलाज व जागरूकता के लिए जनजातीय कार्य मंत्रालय के सहयोग से उन समुदायों तक पहुंचने की कार्यनीति विकसित कर रही हैं। एक लाख व्यक्ति पर टीबी का मरीज 703 जनजातीय समुदाय से है, जबकि राष्ट्रीय औसत 256 व्यक्ति, 1 लाख पर है। टीबी मरीजों में 10.4 प्रतिशत जनजातीय समुदाय से हैं।"

उन्होंने कहा कि जनजातीय समुदाय में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय जनजातीय समुदायों को टीबी रोग के शीघ्र निदान और उपचार में सहायता करने के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, जनजातीय कार्य मंत्रालय के साथ समन्वय कार्यकलापों का लगातार अनुसरण करेगा और कार्यनीति बनाएगा।

बक्सर के सांसद चौबे ने कहा कि समाज और मरीजों की राष्ट्रीय क्षय रोग कार्यक्रम में भागीदारी बढ़ाने के लिए हमने 2019 में नेशनल टीबी फोरम की स्थापना भी की है।

उन्होंने कहा कि टीबी सेवाओं की आधारभूत संरचना को सशक्त और विकसित बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्घ है। निक्षय पोषण योजना के माध्यम से 40 लाख से भी अधिक टीबी मरीज को 1005 करोड़ रुपये से अधिक राशि वितरित की गई है।  (आईएएनएस)


अन्य पोस्ट