ताजा खबर
अविनाश रामटेके हत्या में 4 गिरफ्तार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 26 मार्च। डोंगरगढ़ शहर के एक युवक की हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने महज तीन दिन के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हत्या के आरोप में पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। वारदात को लेकर पुलिस ने जिस तरह से प्रेम प्रसंग के आधार पर जांच शुरू की थी वह सच साबित हुई।
मिली जानकारी के मुताबिक कौशल उर्फ डायमंड नामक युवक ने मृतक की पत्नी सुष्मिता और दो दोस्त सूर्यकांत तिवारी और प्रीतम साहू को हत्या में शामिल होने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया था। मंगलवार देर शाम को मुरमुंदा कुरूभांठा रोड में मृतक अविनाश रामटेके का शव पुलिस ने बरामद किया था। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपियों की खोजबीन शुरू की।
बताया जाता है कि आरोपी पत्नी ने मृतक पर पैसे के लिए कथित रूप से देह व्यापार कराने का आरोप लगाया है। इससे महिला परेशान रहती थी। इस दौरान महिला का मुख्य आरोपी कौशल उर्फ डायमंड से प्रेम संबंध कायम हो गया। पति के बर्ताव को लेकर अपने प्रेमी से हमेशा चर्चा करती थी। इसी दौरान मृतक को रास्ते से हटाने के लिए प्लान तैयार किया गया। 23 मार्च की देर शाम को मृतक को मुख्य आरोपी ने फोन किया। मृतक ने अपनी बहन को आरोपी डायमंड से मिलकर लौटने की जानकारी दी। हत्या से पूर्व आरोपी ने अपने साथियों के साथ जमकर शराब भी पीया। इस दौरान दोनों में आरोपी महिला को लेकर बहस छिड़ गई। नशे में धुत आरोपी ने मृतक पर बीयर की बोतल से सिर पर वार कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना के संबंध में डोंगरगढ़ थाना प्रभारी एलेक्जेंडर किरो ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्य आरोपी और उसके साथी रायपुर के रहने वाले हैं। मृतक की पत्नी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।


