ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पत्थलगांव, 16 मार्च। आज सुबह पत्थलगांव थाना क्षेत्र के दिवानपुर में एक तेज रफ्तार धान लदी गाड़ी की चपेट में आने से एक बाइक पर सवार तीन लोग में से एक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पत्थलगांव सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार पत्थलगांव के ग्राम पंचायत दिवानपुर के नट मोहल्ला में झक्करपुर गांव निवासी मोहन लाल नट के पुत्र विक्रम नट अपने रिश्तेदार के यहां दिवानपुर आए थे। इसी बीच बाइक पर सवार दिवानपुर निवासी नेहरू नट, महिला गुलेची बाई के साथ अपने घर झक्करपुर जाने के लिए निकले थे। मंगलवार की सुबह करीब 10.30 बजे करूमहुआ की तरफ़ से धान लोड कर आ रही एक रफ्तार गाड़ी संख्या जेएच 20 सी 2442 ने एक को रौंद दिया, वहीं नेहरू और गुलेची को करीब 20 फीट तक घसीटते ले गए जिससे नेहरू का पैर कट गया, वहीं गाड़ी लेकर चालक भाग निकला। ग्रामीणों की तत्परता से दिवानपुर के बीडीसी जमल साय इक्का ने गाड़ी को पाकरटिकडा गांव के पास पकड़ा। गाड़ी में धान लोड था। हालांकि चालक-परिचालक फरार हो गए, वहीं गंभीर रूप से घायल को एम्बुलेंस से पत्थलगांव सिविल अस्पताल ले जाया गया।


