ताजा खबर

लाखों की नकली रेड लेबल चाय और फेयर क्रीम बरामद
16-Mar-2021 1:03 PM
लाखों की नकली रेड लेबल  चाय और फेयर क्रीम बरामद

   बंजारी रोड स्थित फर्म में छापेमारी  
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 16 मार्च।
बंजारी रोड के एक फर्म में पुलिस ने छापा मार कर लाखों की नकली चायपत्ती और क्रीम बरामद की है। बताया गया कि दोनों ही सामग्री हिन्दुस्तान लीवर की है। पुलिस के साथ कंपनी से जुड़े लोग मामले की पड़ताल कर रहे हैं।

बताया गया कि गोलबाजार पुलिस ने बंजारी रोड स्थित जेएन ट्रेडर्स में छापेमारी की। यह कार्रवाई सुबह-सुबह की गई। फर्म में नकली रेड लेबल चाय और फेयर एण्ड लवली क्रीम बरामद किए गए। दोनों ही हिन्दुस्तान लीवर का उत्पाद है, और सबसे ज्यादा खपत भी होती है। पिछले कुछ समय से बाजार में नामी कंपनियों के नकली उत्पाद धड़ल्ले से बिक रहे हैं। कंपनियों ने इसको लेकर राज्य शासन और पुलिस प्रशासन को भी आगाह किया था।


 

हिन्दुस्तान लीवर के अफसरों को रायपुर में रेड लेबल चाय और अन्य के नकली उत्पाद बिकने की शिकायत मिली थी। मुंबई से कंपनी के अधिकारी यहां पहुंचे, और पुलिस को लेकर जेएन ट्रेडर्स में जांच कराई। जांच में रेड लेबल चाय और फेयर एण्ड लवली के नकली उत्पाद बड़ी मात्रा में मिले हैं। इसकी कुल कीमत 20 लाख रूपये की बताई जा रही है। जेएन ट्रेडर्स के संचालक मनीष जयसिंघानी हैं। गोलबाजार पुलिस संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। न सिर्फ हिन्दुस्तान लीवर बल्कि कई और कंपनियों के नकली उत्पाद बाजार में बिकने की खबर है। बहरहाल, एक बड़े रैकेट का खुलासा हो सकता है। 


अन्य पोस्ट