ताजा खबर
सरगुजा में ईसीएस अस्पताल खोलने का निर्णय
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर,13 मार्च। श्रम कल्याण मंडल की छात्रवृत्ति योजना पुन: शुरू कर दी गयी है। 31 मार्च के पूर्व सभी पात्र हितग्राहियो को छात्रवृत्ति वितरीत कर दी जाएगी। दन्तेवाड़ा की तर्ज पर सरगुजा और रायपुर में अत्याधुनिक सिलाई प्रशिक्षण केंद्र और सरगुजा में ईसीएस अस्पताल खोलने का निर्णय लिया गया है।
राज्य श्रम कल्याण मण्डल के अध्यक्ष शफी अहमद ने मण्डल के कार्यों की समीक्षा की। मण्डल के अस्तित्व में आने के बाद से पहली बार सात हजार से अधिक संस्थानों को नोटिस जारी किया गया था, जिसका बेहतर परिणाम सामने आया है,इसे और प्रभावी बनाने 9 से अधिक मजदूरो वाले संस्थानों की पहचान कर पंजीयन और अभिदाय वसूली तेज करने निर्देशित किया।औधोगिक क्षेत्र में संचालित दाल भात सेंटर को 4 घण्टे खोलने, भोजन में चावल की मात्रा दो सौ से बढ़ा कर तीन सौ ग्राम करने का निर्णय लिया गया।
अध्यक्ष शफी अहमद ने बताया दन्तेवाड़ा कलेक्टर ने स्वयं सिलाई सेंटर को कार्पोरेट बिजनेस का रूप दिया है।महिलाओ को प्रशिक्षण उपरांत काम दिलाने के लिए बैंगलोर की कम्पनी से एमओयू किया गया है। डी नेक्स्ट के ब्रांड नाम से अच्छी क्वालिटी के रेडीमेड कपड़े तैयार किये जा रहे हैं,इसी तर्ज पर रायपुर और अम्बिकापुर में पायलट प्रोजेक्ट तैयार किया जा रहा है।सभी औद्योगिक जिलो में श्रमिक भवन, दाल भात केंद्र और सिलाई केंद्र के लिए राज्य सरकार से भूमि मांगी गई है।आबंटन मिलते ही वहां कार्य आरंभ किया जाएगा। मजदूरों के बच्चों के बीच खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने खेल सामग्री का वितरण, प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
अध्यक्ष श्री अहमद ने मण्डल के कार्यो की प्रगति से सन्तुष्टि जाहिर करते हुए इसे और तेज करने पर बल दिया।उन्होंने कहा कुछ माह पूर्व तक शिकायत हेल्पलाइन पर एक भी शिकायत दर्ज नही होती थी, आज प्रतिदिन शिकायत दर्ज हो रही है।आगामी दिनों में सरकार द्वारा श्रमिको को दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी हाईटेक माध्यम से दी जाएगी।
समीक्षा बैठक में श्रम कल्याण आयुक्त, श्रम कल्याण निरीक्षकों सहित मैदानी अमला उपस्थित रहे।


