ताजा खबर
माथे की चमड़ी, दो पैर गायब थे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 3 मार्च। खैरागढ़ वन मंडल में वन्य प्राणी के अवैध शिकार का मामला बुधवार को उठा। पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह ने कहा कि मादा तेंदूए का शिकार किया गया, और कई अंग गायब थे। इस पर वन मंत्री मोहम्मद अकबर ने माना कि तेंदूए का शिकार हुआ है, और अंग गायब मिले हैं। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पूर्व सीएम डॉ. सिंह और नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने ध्यानाकर्षण सूचना के जरिए गंडई क्षेत्र में वन्य प्राणी के अवैध शिकार का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि गंडई में गत 24 फरवरी को मादा तेंदूए का अवैध शिकार हुआ है, और इसके कई अंग गायब मिले हैं।
इसके जवाब में वन मंत्री ने बताया कि गंडई में तेंदूए के मृत पाए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे। इस मामले में वन अपराध अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि मृत तेंदूए का पोस्टमार्टम कराया गया। इसमें माथे की चमड़ी और सामने के दो पैर गायब मिले। इस पूरे मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।


