ताजा खबर
रमन ने लूटने का काम किया हमने बांटने का
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 3 जनवरी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने धान खरीदी पर केन्द्र सरकार के रुख पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि किसानों को अभूतपूर्व संकट में डाल दिया गया। न तो जरूरत के मुताबिक बारदाने दिये गये न ही एफसीआई को धान उठाने की अनुमति दी गई है।
बघेल ने आज शाम लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में आम सभा के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि धान खरीदी छत्तीसगढ़ सरकार का सबसे बड़ा अभियान है। हमने 3.5 लाख बोरे की मांग की थी। केन्द्र ने 1.45 लाख बोरे देने पर सहमति जताई पर मिला केवल 1.05 लाख बोरा। यह रवैया किसानों के खिलाफ है। हमारे धान खरीदी केन्द्रों में पड़े हुए हैं। हम अधिकतम क्षमता के साथ उठाव कर रहे हैं पर केन्द्र सरकार के असहयोग ने अभूतपपूर्व संकट पैदा कर दिया है।
मुख्यमंत्री से गोबर खरीदी पर भी सवाल किया गया। उन्होंने कहा कि हम गरीबों तक पैसा किसी भी बहाने से पहुंचाना चाहते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह को इसमें भी तकलीफ है।
बघेल ने पूछा कि डॉ. रमन सिंह ने 41 हजार करोड़ रुपये का कर्ज लिया पर किसके लिये लिया यह साफ करें। मैंने भी कर्ज लिया पर किसानों के लिये लिया। किसान खुशहाल हो तो छत्तीसगढ़ खुशहाल रहेगा और उनके लिये कर्ज लेने में मुझे कोई दिक्कत नहीं है।


