ताजा खबर

श्रमिक की मौत, फैक्ट्री के सामने शव रख घंटों प्रदर्शन
21-Dec-2020 5:17 PM
श्रमिक की मौत, फैक्ट्री के  सामने शव रख घंटों प्रदर्शन

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 21 दिसंबर।
राजधानी रायपुर से लगे उरला की जैनम फेरो एलायस फैक्ट्री में पांच दिन पहले एक हादसे में 2 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। इसमें से एक मजदूर की बीती रात इलाज के दौरान मौत हो गई। उसकी इस मौत पर परिवार वाले और फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूर भड़क गए। वे सभी रात में ही मृत मजदूर का शव लेकर फैक्ट्री के बाहर पहुंच गए और मुआवजे की मांग करते हुए देर रात तक नारेबाजी, प्रदर्शन करते रहे। 

प्रदर्शनकारी मजदूरों का कहना था कि उरला व आसपास की फैक्ट्रियों में लगातार कई हादसे हो रहे हैं, लेकिन उन्हें समय पर सही मुआवजा नहीं मिल पा रहा है। उरला की जैनम फेरो एलायस फैक्ट्री में 15 दिसंबर को गैस पाइप फटने से यहां काम कर रहे दो श्रमिक बुरी तरह झुलस गए। उन्हें इलाज के लिए यहां के एकनिजी अस्पताल में भर्ती किया गया था, कि एक मजदूर शुभम बरेठ ने बीती रात में दम तोड़ दिया। उसकी इस मौत पर फैक्ट्री के बाकी मजदूर भड़क गए और शव रखकर घंटों धरना-प्रदर्शन करते रहे। 

मृतक के परिजन और प्रदर्शनकारी मजदूर, फैक्ट्री प्रबंधन से बीस लाख मुआवजे की मांग करते रहे। छत्तीसगढिय़ा क्रांति सेना के कार्यकर्ताओं ने भी उनका समर्थन करते हुए फैक्ट्री प्रबंधन की मनमानी के खिलाफ प्रदर्शन किया। दूसरी तरफ उरला एवं आसपास थाना क्षेत्र की पुलिस मौके पर पहुंच उन्हें संभालने में लगी रही। प्रदर्शनकारी, यहां परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग पर रात तक अड़े रहे। उरला पुलिस का कहना है कि देर रात उनका फैक्ट्री प्रबंधन के साथ समझौता हुआ, तब कहीं जाकर मामला शांत हुआ। फैक्ट्री प्रबंधन ने उन्हें मौके पर ही साढ़े 12 लाख मुआवजा दिया है।


अन्य पोस्ट