ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा,9 दिसंबर। बचेली पुलिस को हत्या की गुत्थी सुलझाने में कामयाबी मिली है। शराबी पति की हत्या करने वाली महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस को विगत 21 नवंबर को बचेली चेक डैम के पास एक युवक की लाश मिली थी। जिसके सिर पर चोट के निशान नजर आ रहे थे। इसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम किया।
मृतक युवक का पोस्टमार्टम करवाया गया, जिसमें सिर में गंभीर चोट के चलते युवक की मौत का खुलासा हुआ। बचेली निवासी अश्विनी सोनवानी अक्सर शराब का सेवन कर अपनी पत्नी से विवाद करता था।पत्नी सरिता सोनवानी के मोबाइल में किसी से भी बात करने पर उस पर संदेह करता था। इसी कड़ी में एक दिन अश्विनी ने सरिता का मोबाइल छीन लिया। इसके फल स्वरुप दोनों के रिश्तो में कड़वाहट घुल गई।इसके बाद अश्विनी शराब का अत्यधिक सेवन कर घर पहुंचा, उसने वहां अपनी पत्नी से झगड़ा किया।
अश्विनी ने पत्नी से कहा कि वह पड़ोस की महिला से दूसरी शादी करेगा। इसके उपरांत सरिता ने तैश में आकर कर पास में रखी राड को उठाया। सरिता ने राड से अपने पति के सिर पर घातक वार किया।इसके चलते अश्विनी ने दम तोड़ दिया।
पुलिस की पूछताछ में सरिता ने हत्या की बात को स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी महिला को न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया। इस गुत्थी को सुलझाने में अनुविभागीय अधिकारी देवांश राठौर और बचेली निरीक्षक अमित पटले का सराहनीय योगदान रहा।


