ताजा खबर

जोगी के गढ़ में सेंध, कांग्रेस प्रत्याशी को 56 फीसदी वोट
10-Nov-2020 6:55 PM
जोगी के गढ़ में सेंध, कांग्रेस  प्रत्याशी को 56 फीसदी वोट

भाजपा को छोड़ बाकी की जमानत जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 10 नवंबर।
दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के गढ़ मरवाही में कांग्रेस ने बड़ी सेंध लगाई है। यहां कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. के.के. ध्रुव ने 38 हजार से अधिक वोटों से जीत दर्ज की है। डॉ. ध्रुव को 56.09 फीसदी वोट हासिल हुए। 

भाजपा प्रत्याशी डॉ. गंभीर सिंह को कुल 45,193 वोट प्राप्त हुए, और 30.45 फीसदी वोट मिला। विजयी प्रत्याशी डॉ. के.के. ध्रुव को 83,561 वोट हासिल हुए। खास बात यह है कि  बाकी सात प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई। डाक मतपत्रों में भी कांग्रेस प्रत्याशी को काफी बढ़त मिली। कांग्रेस प्रत्याशी को 478 डाक मतपत्र मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी को महज 171 वोट हासिल हुए। 

डाक मतपत्र सरकारी अधिकारी-कर्मचारियों का रहता है। उन्होंने कांग्रेस का साथ निभाया। अन्य प्रत्याशियों में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की रीतू पांडराम को 7,864 वोट हासिल हुए हैं। नोटा चौथे स्थान पर रहा। यहां नोटा को 3785 वोट हासिल हुए। भारतीय सर्वजन हिताय समाज के उम्मीदवार लक्ष्मण पोर्ते को 855, बीरसिंह नागेश, भारतीय ट्राइबल पार्टी को 2143, राष्ट्रीय गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के उर्मिला मार्को को 2408 वोट हासिल हुए।
 
उल्लेखनीय है राज्य गठन के बाद पहली बार जोगी परिवार से हटकर कोई विधायक बना है। जाति प्रमाणपत्र निरस्त होने के कारण अमित जोगी और उनकी पत्नी डॉ. ऋचा जोगी चुनाव मैदान से बाहर थे। उन्होंने भाजपा को समर्थन दिया था, और भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार किया था। पिछले चुनाव में अजीत जोगी को 71 हजार से अधिक वोट मिले थे, और भाजपा प्रत्याशी अर्चना पोर्ते को 27 हजार व कांग्रेस प्रत्याशी गुलाब सिंह को 20 हजार वोट हासिल कर तीसरे स्थान पर रहे। जोगी पार्टी अपने वोट भाजपा को ट्रांसफर नहीं करा पाई। अलबत्ता भाजपा को पिछले चुनाव से 18 हजार वोट अधिक मिले हैं। 


अन्य पोस्ट