ताजा खबर

किशोर न्याय बोर्ड-बालक समितियों में नियुक्ति पर बवाल, पीसीसी ने मंत्री से जानकारी मांगी
04-Nov-2020 6:04 PM
किशोर न्याय बोर्ड-बालक समितियों में नियुक्ति  पर बवाल, पीसीसी ने मंत्री से जानकारी मांगी

भाजपा-संघ के समर्थकों को पद देने आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 4 नवंबर।
किशोर न्याय बोर्ड और बालक कल्याण समितियों में अध्यक्ष व सदस्यों की नियुक्ति पर विवाद खड़ा हो गया है। खबर है कि कई जिला कांग्रेस अध्यक्षों ने इन नियुक्तियों पर आपत्ति की है, और भाजपा व आरएसएस के समर्थकों को फिर से नियुक्ति देने का आरोप लगाया है। कांग्रेस पदाधिकारियों की आपत्ति के बाद प्रदेश संगठन ने महिला बाल विकास मंत्री को पत्र लिखकर नियुक्तियों पर जानकारी उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। 

सरकार ने किशोर न्याय बोर्ड और बालक कल्याण समितियों में दो दर्जन से अधिक नियुक्तियां की है। इनमें से ज्यादातर सदस्य वे हैं, जो कि पिछली सरकार द्वारा नियुक्त किए गए थे। इन सभी को पुनर्नियुक्ति दी गई है। बोर्ड और समितियों में सामाजिक कार्यकर्ताओं की नियुक्ति का प्रावधान है। नियुक्ति आदेश जारी होने के बाद कांग्रेस में बवाल मच गया है। 

कई नेताओं ने प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया और प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम से चर्चा कर इन नियुक्तियों पर आपत्ति की है। आपत्ति करने वाले नेता जिला कांग्रेस के अध्यक्ष और वरिष्ठ पदाधिकारी हैं। इन नेताओं का आरोप है कि पहले से काम कर रहे कार्यकर्ताओं को पुनर्नियुक्ति दी गई है। ये भाजपा और आरएसएस से संबद्ध है। ऐसी स्थिति में कांग्रेस संगठन से जुड़े सक्रिय कार्यकर्ता हतोत्साहित हो रहे हैं, जबकि कई जिला कांग्रेस के अध्यक्षों ने उक्त समिति और बोर्ड में नियुक्ति के लिए नामों की अनुशंसा की थी। किन्तु ऐसे किसी सदस्य को उक्त समिति में जगह नहीं मिल पाया है।
 
सूत्र बताते हैं कि जिलाध्यक्षों की आपत्तियों को प्रदेश संगठन ने गंभीरता से लिया है, और महिला बाल विकास मंत्री सुश्री अनिला भेडिय़ा से इस पर जानकारी मांगी है। उनसे यह भी जानकारी चाही है कि इन नियुक्तियों के लिए कांग्रेस के किन पदाधिकारियों ने अनुशंसा प्रेषित की थी। यह उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। 


अन्य पोस्ट