ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 1 नवंबर। भटगांव के कांग्रेस विधायक पारस राजवाड़े कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उनके संपर्क में रहने के कारण स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव रविवार को क्वॉरंटीन हो गए। सिंहदेव राज्य स्थापना दिवस कार्यक्रम में शिरकत नहीं कर सके।
मुख्यमंत्री निवास में आयोजित राज्य स्थापना दिवस कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव मौजूद नहीं थे। यद्यपि वीडियो कॉन्फ्रेंस से अपने उद्बोधन में राहुल गांधी ने सिंहदेव का नाम लिया था। बताया गया कि सिंहदेव आज ही अंबिकापुर से लौटे हैं। मगर वे आरकेसी गेस्ट हाउस में रहे।
उनके कार्यक्रम में शामिल नहीं होने के पीछे बताया गया कि मरवाही चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस विधायक राजवाड़े, सिंहदेव के साथ ही थे। वे कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। इसकी सूचना प्रेमनगर के विधायक खेलसाय सिंह ने सिंहदेव को फोन पर दी। इसके बाद ऐहतियात के तौर पर स्वास्थ्य मंत्री ने अपने सभी कार्यक्रम को स्थगित कर दिया और क्वॉरंटीन हो गए। वैसे सिंहदेव पूरी तरह स्वस्थ है।


